रानीगंज-रानीगंज कालीतला दुर्गा माता संघ की ओर से रक्षा काली चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से रविवार को "रक्षा काली निशुल्क चिकित्सालय" का उद्घाटन किया गया. इस अवसर पर रानीगंज के विधायक पार्थो घोष ने फीता काटकर चिकित्सालय का विधिवत उद्घाटन किया. साथ ही मंदिर के नवीनीकरण कार्य की भी शुरुआत की गई.
ज्ञात हो कि रानीगंज कालीतला दुर्गा माता संघ की ओर से प्रतिवर्ष भव्य दुर्गापूजा एवं थीम आधारित पूजा का आयोजन किया जाता है।ल. संस्था सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाती रही है. इसी क्रम में आम लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निशुल्क चिकित्सालय की शुरुआत की गई है.
कार्यक्रम के दौरान कालीतला स्थित मंदिर के नवीनीकरण के तहत टाइल्स लगाने के कार्य का भी शुभारंभ किया गया. विधायक पार्थो घोष ने स्वयं अपने हाथों से पहली टाइल लगाकर कार्य की शुरुआत की.
अपने संबोधन में विधायक पार्थो घोष ने कहा कि बचपन से ही उनकी इच्छा थी कि वे ऐसे किसी संगठन से जुड़ें जो समाजसेवा के क्षेत्र में कार्य करता हो उन्होंने कहा कि आज इस निशुल्क चिकित्सालय का उद्घाटन कर उन्हें बेहद खुशी और गर्व का अनुभव हो रहा है. उन्होंने इसके लिए आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों के कारण ही उन्हें इस जनहितकारी पहल का हिस्सा बनने का अवसर मिला.
विधायक ने मंदिर के नवीनीकरण कार्य की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों का विकास समाज को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. उन्होंने विश्वास जताया कि नवीनीकरण के बाद मंदिर और भी आकर्षक स्वरूप में लोगों के सामने आएगा. साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि मंदिर निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद वे पुनः यहां आकर पूजा-अर्चना करेंगे.
इस अवसर पर दुर्गा माता संघ एवं रक्षा काली चैरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारी, सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित थे. संस्था की इस पहल की क्षेत्रवासियों ने सराहना करते हुए इसे समाजहित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया.





0 टिप्पणियाँ