प्रचार अभियान का हुआ आगाज; बोले गांगुली- जनता बदलाव के लिए तैयार, बुनियादी सुविधाएं दिलाना प्राथमिकता
जामुड़िया. आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है. कांग्रेस ने इस बार बड़ा दांव खेलते हुए अनुभवी श्रमिक नेता तरुण कुमार गांगुली को अपना उम्मीदवार बनाकर मैदान में उतारा है. टिकट की घोषणा के साथ ही गांगुली ने क्षेत्र में सघन जनसंपर्क और प्रचार अभियान शुरू कर दिया है, जिससे चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया है.
तीन दशकों का राजनीतिक अनुभव
64 वर्षीय तरुण गांगुली एक सेवानिवृत्त कर्मी हैं और लंबे समय से कांग्रेस के ट्रेड यूनियन आंदोलनों का चेहरा रहे हैं. उनके राजनीतिक सफर की शुरुआत 1983 में बीसी कॉलेज से छात्र परिषद के माध्यम से हुआ. 1983 में ही महकमा सचिव की जिम्मेदारी संभाली,वर्तमान में कोलियरी सीएमयू (इंटक) के कोषाध्यक्ष और आईएनएमएफ के सचिव है.
श्रमिक वर्ग के बीच उनकी गहरी पैठ को देखते हुए माना जा रहा है कि वे कोलियरी क्षेत्र के वोटरों को साधने में प्रभावी भूमिका निभाएंगे.
विपक्षियों पर साधा निशाना
शुक्रवार को जामुड़िया के 32 नंबर वार्ड स्थित बोगड़ा कांग्रेस कार्यालय में तरुण गांगुली ने सत्ताधारी दल, तृणमूल कांग्रेस भाजपा और वामपंथियों पर जमकर प्रहार करते हुए कहा की जनता मौजूदा सरकार के कुशासन से तंग आ चुकी है और बदलाव चाहती है. गांगुली ने आरोप लगाया कि भाजपा केवल वादे करना जानती है, लेकिन उन्हें धरातल पर उतारने में पूरी तरह विफल रही है. उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वामपंथी शासनकाल में जामुड़िया को सबसे अधिक नुकसान हुआ और विकास पूरी तरह ठप पड़ गया.
मुख्य चुनावी मुद्दे
गांगुली ने जामुड़िया की बदहाली का जिक्र करते हुए कहा कि आज भी इलाके में पानी, बिजली और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है.उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि विधायक चुने जाने पर इन बुनियादी समस्याओं का समाधान उनकी पहली प्राथमिकता होगी.उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस सत्ता में आने पर कोयला मजदूरों और आम जनता के हितों को सर्वोपरि रखेगी.
इस अवसर पर तरुण गांगुली के समर्थन में कांग्रेस के कई दिग्गज नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से विश्वनाथ यादव (सदस्य, पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी),सोमनाथ चटर्जी (सचिव, पश्चिम बर्धमान जिला कांग्रेस),परितोष बाउरी (अध्यक्ष, जामुड़िया ब्लॉक-1 कांग्रेस),अन्य नेता में सुकुमार माजी, दशरथ माजी, हरेराम यादव और संतोष गौड़ सहित भारी संख्या में समर्थक उपस्थित थे.


0 टिप्पणियाँ