बराकर: आसनसोल में गुरुवार को होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा से ठीक पहले कुल्टी ब्लॉक में राजनीतिक पारा चरम पर पहुँच गया है। जनसभा के लिए बुक की गई मिनी बसों को बस मालिकों द्वारा अचानक रद्द किए जाने के विरोध में बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने बराकर मिनी बस स्टैंड पर जोरदार प्रदर्शन किया और चक्का जाम की स्थिति पैदा कर दी।
दबाव में बुकिंग रद्द करने का आरोप
भाजपा नेताओं का आरोप है कि प्रधानमंत्री की सभा में कार्यकर्ताओं को ले जाने के लिए कई मिनी बसें पहले से बुक की गई थीं। लेकिन मंगलवार रात अचानक बस मालिकों ने बुकिंग रद्द करने की सूचना दी। भाजपा का दावा है कि बस मालिकों को यूनियन की ओर से कड़ी चेतावनी दी गई है कि वे भाजपा की सभा के लिए अपनी गाड़ियां न दें। मालिकों ने भी दबी जुबान में स्वीकार किया कि उन पर भारी दबाव बनाया गया है।
भाजपा का कड़ा प्रहार: 'प्रशासन और सत्ता पक्ष की तानाशाही'
बुधवार सुबह से ही भाजपा पार्षद इंद्राणी आचार्य, मंडल अध्यक्ष संजू घोष, मनमोहन राय और अमर प्रसाद के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्टैंड पर विरोध प्रदर्शन शुरू किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह 'लोकतंत्र की हत्या' है।
पार्षद इंद्राणी आचार्य ने तीखा हमला करते हुए कहा की प्रशासन और यूनियन मिलकर विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश कर रहे हैं। बसों की बुकिंग रद्द करवाना यह साबित करता है कि सत्ता पक्ष प्रधानमंत्री की बढ़ती लोकप्रियता से घबरा गया है.
तनावपूर्ण स्थिति, पुलिस बल तैनात
दूसरी ओर, बस मालिकों का कहना है कि वे यूनियन के निर्देशों की अनदेखी नहीं कर सकते और किसी भी कानूनी या राजनीतिक विवाद से बचना चाहते हैं। इस हंगामे के कारण बस स्टैंड और आसपास के इलाकों में काफी तनाव देखा गया। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए प्रशासन ने मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की है।


0 टिप्पणियाँ