रानीगंज: आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के रानीगंज थाना अंतर्गत बल्लभपुर फांड़ी की पुलिस ने सोमवार शाम सीमावर्ती जिले से नियमों के विरुद्ध बड़ी मात्रा में नकदी ले जा रहे एक कारोबारी को बस से पकड़ लिया. बल्लभपुर आईसी पार्थ चक्रवर्ती के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में कारोबारी के पास से 3 लाख 72 हजार 632 रुपये बरामद किए गए.
जानकारी के अनुसार, बांकुड़ा जिले के मेजिया ब्लॉक निवासी और दाल कारोबारी अरूप अग्रवाल सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे बांकुड़ा से रानीगंज आ रही चैताली बस में सवार होकर यह नकदी लेकर आ रहे थे. उसी दौरान रानीगंज के साहेबगंज मोड़ के पास अन्य वाहनों के साथ चैताली बस की भी तलाशी ली गई.तलाशी के दौरान पुलिस ने अरूप अग्रवाल के पास से भारी मात्रा में नकदी बरामद कर उसे जब्त कर लिया.
अरूप अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि वह व्यवसायिक कार्य के लिए यह पैसा रानीगंज ला रहे थे. बताया जा रहा है कि उनका रानीगंज के तारबंगला इलाके में भी निवास है. हालांकि इतनी बड़ी रकम साथ लेकर आने के पीछे क्या कारण था, इसको लेकर पुलिस जांच में जुट गई है।
गौरतलब है कि साहेबगंज मोड़ इलाके में पहले भी लगभग 3 करोड़ रुपये के साथ एक कारोबारी को पुलिस ने गिरफ्तार किया था. चुनावी प्रक्रिया और आदर्श आचार संहिता लागू रहने के दौरान इतनी बड़ी नकदी के साथ पकड़े जाने के कारण पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेकर जांच कर रही है
सोमवार को दो मजिस्ट्रेटों की मौजूदगी में जब्त नकदी की गिनती की गई, जिसमें कुल रकम 3 लाख 72 हजार 632 रुपये पाई गई.

0 टिप्पणियाँ