1 मार्च को महावीर व्यायाम समिति प्रांगण में मनेगा 'होली मिलन' महोत्सव; मारवाड़ी समाज की एकजुटता और सर्वांगीण विकास पर जोर
रानीगंज: पश्चिम बंग प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन, रानीगंज शाखा ने शहर की स्वच्छता और सामाजिक उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण संकल्प लिए हैं. रविवार को आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में संस्था के अध्यक्ष ओम प्रकाश बाजोरिया ने घोषणा की कि रानीगंज में बढ़ती गंदगी की समस्या के समाधान हेतु संस्था सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर चलेगी.इसके तहत शहर के सभी स्थाई डस्टबिनों की मरम्मत कराई जाएगी ताकि कचरा बाहर न फैले और शहर स्वच्छ रहे.
1 मार्च को भव्य 'होली मिलन' और सांस्कृतिक अनुष्ठान
संस्था के अध्यक्ष ने बताया कि आगामी 1 मार्च को श्री महावीर व्यायाम समिति के प्रांगण में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा.इस बार फूलों की होली मुख्य आकर्षण होगी.कार्यक्रम का उद्देश्य मारवाड़ी समाज को एक छत के नीचे लाकर उनमें सामाजिक एकता की भावना जागृत करना और नई पीढ़ी को राजस्थानी विरासत व लोक संस्कृति से जोड़ना है.
व्यापारियों की उपेक्षा पर जताई चिंता
संस्था के प्रमुख सलाहकार राजेंद्र प्रसाद खेतान ने व्यापारियों की स्थिति पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि व्यापारी वर्ग राजनेताओं को उचित सम्मान देता है, लेकिन बदले में उन्हें वह सम्मान नहीं मिलता जिसके वे हकदार हैं. सरकार से सहयोग न मिलने के कारण शिक्षित युवा व्यापार छोड़कर नौकरियों की ओर भाग रहे हैं. संस्था का प्रयास होगा कि युवाओं को पुनः व्यापार की ओर उन्मुख किया जाए.
समाज कल्याण के लिए बड़े प्रोजेक्ट्स
संवाददाता सम्मेलन में मौजूद सचिव विमल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अनिल टोडानी, प्रोजेक्ट चेयरमैन अनिल लुहारूवाला, अमित बजाज, बिमल लोहिया और सुनील खैतान मौजूद थे.ओम प्रकाश बाजोरिया ने बताया की आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को प्रतिमाह राशन और कन्याओं के विवाह के लिए आर्थिक व्यवस्था की जा रही है. बच्चों की उच्च शिक्षा के लिए 'एजुकेशन लोन' उपलब्ध कराने पर विचार किया जा रहा है. मृत्यु बैठक (शोक सभा) को एक दिन सीमित करने जैसे सुधारों पर चर्चा हो रही है. संस्था पिछले 60 वर्षों से कार्यरत है, लेकिन पिछले एक वर्ष से नई ऊर्जा के साथ समाज को एकसूत्र में बांधने का कार्य कर रही है.
ओम प्रकाश बाजोरिया ने गर्व के साथ बताया कि संस्था की सक्रियता का ही परिणाम है कि हाल ही में राष्ट्रीय अध्यक्ष और महासचिव का आगमन भी रानीगंज की धरती पर हुआ था. इस बार का होली मिलन समारोह मारवाड़ी समाज की प्रतिभा और एकता का अनूठा उदाहरण पेश करेगा.


0 टिप्पणियाँ