रानीगंज- पर्यावरण जागरूकता और समाज सेवा के क्षेत्र में अग्रणी संस्था 'रानीगंज फ्रेंड्स क्लब' का 23वां वार्षिक इंस्टॉलेशन समारोह गुरुवार को रामदास केदारनाथ मेमोरियल हॉल में भव्यता के साथ आयोजित किया गया. इस अवसर पर वर्ष 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी समिति का गठन हुआ और नवनियुक्त पदाधिकारियों ने विधिवत पदभार ग्रहण किया.
दलजीत सिंह वाधवा बने नए अध्यक्ष, अनूप सराफ ने संभाली महासचिव की कमान
समारोह के दौरान निवर्तमान अध्यक्ष महेंद्र बगड़िया ने नवनियुक्त अध्यक्ष सरदार दलजीत सिंह वाधवा को 'कॉलर पिन' पहनाकर आगामी वर्ष का दायित्व सौंपा. वहीं, निवर्तमान सचिव मुकेश बरनवाल ने अनूप सराफ को महासचिव का पदभार सौंपा. महेंद्र बगड़िया ने अपने कार्यकाल में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सदस्यों को 'सेवन स्टार अवार्ड' से सम्मानित किया.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उद्योगपति सुंदर भालोटिया, राहुल अग्रवाल, जुगल किशोर गुप्ता, निरंजन गोरीसरिया और देवेंद्र साव उपस्थित थे. अतिथियों ने क्लब द्वारा किए जा रहे पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरण कार्यों की सराहना करते हुए नई टीम को शुभकामनाएं दीं
नारी शक्ति और समाजसेवियों का सम्मान
महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और समाज में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को इस मौके पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया. सम्मानित होने वाली प्रमुख महिलाओं में अनीशा दुबे भुवालका, स्वीटी लोहिया, दीप्ति श्रॉफ, स्नेहा साव, शशि कौर, कंकणा सिन्हा, आशा टोडानी, रूबी गढ़वाल, वाणी खेतान, बैंक प्रबंधक शालिनी प्रिया, सोनल पातेसारिया, पूनम केजरीवाल, शिल्पा भालोटिया, पियाली भट्टाचार्यजी, रश्मि सतनालिका, सीए रश्मि टोड़ानी और अभिलाषा चौधरी शामिल रहीं.
इसके अलावा सिख सेवा संस्था के सदस्यों और समाजसेवी मनोज ओझा को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
23 वर्षों से सेवा का अटूट सफर
महासचिव अनूप सराफ ने संस्था के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 23 वर्ष पूर्व गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के दिन पर्यावरण जागरूकता के उद्देश्य से इस संस्था की नींव रखी गई थी. आज संस्था के सदस्य और महिला विंग मिलकर समाज सेवा की नई मिसाल पेश कर रहे हैं.
शपथ ग्रहण समारोह के बाद 'वैलेंटाइन डे' के उपलक्ष्य में विशेष नृत्य-संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका संचालन सोनल पातेसारिया ने किया. कार्यक्रम के अंत में निवर्तमान सचिव मुकेश बरनवाल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया. इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे.



0 टिप्पणियाँ