रानीगंज: रानीगंज शहर तृणमूल कांग्रेस की ओर से आज एसआईआर के विरोध में एक रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया गया. रानीगंज के तार बांग्ला इलाके से शुरू हुई यह विरोध रैली एनएसबी रोड होते हुए सी आर रोड पहुँची, जहाँ एक जनसभा का आयोजन किया गया. रैली में भारी संख्या में टीएमसी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए.
"बुजुर्गों को लाइन में खड़ा करना शर्मनाक"
सभा को संबोधित करते हुए रानीगंज के विधायक तापस बनर्जी ने भाजपा और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा, "भाजपा के इशारे पर चुनाव आयोग बंगाल की जनता को प्रताड़ित कर रहा है. जो लोग कई पीढ़ियों से बंगाल में रह रहे हैं, उन्हें अपनी नागरिकता और मतदाता होने का प्रमाण देना पड़ रहा है, यह बेहद शर्म की बात है. उन्होंने आगे कहा कि इस प्रक्रिया के कारण बुजुर्गों को घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है, जिससे कई लोग बीमार भी हो रहे हैं.
धर्म नहीं, रोजगार और भोजन है असली मुद्दा
तापस बनर्जी ने भाजपा की राजनीति पर प्रहार करते हुए कहा कि भूखे पेट का कोई धर्म नहीं होता.जनता को हाथों में काम और पेट के लिए खाना चाहिए, लेकिन भाजपा सिर्फ धर्म के नाम पर लोगों को बांटने और डराने की राजनीति कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जनता इस परेशानी को भूलेगी नहीं और आने वाले समय में इसका जवाब देगी.
इस विरोध प्रदर्शन में टीएमसी के कई दिग्गज नेता और पार्षद शामिल रहे, जिनमें मुख्य रूप से रूपेश यादव (वरिष्ठ नेता),मुजम्मिल शहजादा (बोरो चेयरमैन),पार्षद अख्तरी खातून, हीना खातून, ज्योति सिंह दिव्येंदु भगत (एमएमआइसी),नियाज अहमद (अध्यक्ष, रानीगंज अल्पसंख्यक सेल)शुभ भट्टाचार्य, मीर बशर, तितास बैनर्जी, साधन सिंह, नेहा साव एवं अन्य सक्रिय कार्यकर्ता.
नेताओं ने एक सुर में कहा कि एसआईआर के नाम पर किसी भी वैध नागरिक का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पार्टी इस लड़ाई को सड़क से लेकर सदन तक लड़ेगी.


0 टिप्पणियाँ