कोलकाता | पीबी टीवी :नए साल के शुरुआती दिनों में कोलकाता के पार्क सर्कस इलाके से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ एक पुरानी और जर्जर इमारत के छत का एक बड़ा हिस्सा अचानक गिर जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्चे समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस वक्त हुआ जब घर के सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे। अचानक जर्जर छत का एक हिस्सा भरभरा कर उनके ऊपर गिर पड़ा। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने का काम शुरू किया।हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीम भी मौके पर पहुँच गई। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। घायल बच्चे और एक अन्य व्यक्ति की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।स्थानीय निवासियों का कहना है कि इमारत काफी पुरानी थी और कमजोर हो चुकी थी। इस घटना ने महानगर की पुरानी और खतरनाक इमारतों के मुद्दे को एक बार फिर गरमा दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

0 टिप्पणियाँ