अड्डा चेयरमैन कवि दत्ता ने की शिरकत; समस्याओं के समाधान और संगठन की मजबूती पर हुआ मंथन
रानीगंज-शहर के प्रतिष्ठित व्यापारिक संगठन रानीगंज क्लॉथ मर्चेंट एसोसिएशन की 35वीं वार्षिक आम सभा गुरुवार को लायन एस.एम. पातेसरिया कम्युनिटी सेंटर में अत्यंत सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई. इस अवसर पर क्षेत्र के कपड़ा व्यवसाय से जुड़ी समस्याओं और भविष्य की कार्ययोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई.
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसके बाद संगठन के पदाधिकारियों ने आमंत्रित अतिथियों का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर अभिनंदन किया. समारोह में आसनसोल दुर्गापुर विकास प्राधिकरण (अड्डा) के चेयरमैन कवि दत्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. उनके साथ विशिष्ट समाजसेवी राजेंद्र प्रसाद खेतान और रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष रोहित खेतान 'गेस्ट ऑफ ऑनर' के रूप में मंच पर मौजूद थे.
संगठन की उपलब्धियों पर चर्चा
एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप सोमानी ने अपने स्वागत भाषण में संगठन की एकता और पिछले वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला.इसके पश्चात, सचिव रवि सोमानी ने वार्षिक सचिव रिपोर्ट पेश की, जिसमें साल भर की गतिविधियों और वित्तीय ब्योरे की जानकारी साझा की गई .
सभा में कपड़ा उद्योग से जुड़ी वर्तमान चुनौतियों, जीएसटी संबंधी जटिलताओं और स्थानीय बाजार की समस्याओं पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे. वक्ताओं ने जोर दिया कि बदलती अर्थव्यवस्था में व्यापारियों का एकजुट होना अनिवार्य है ताकि संगठन अपनी मांगों को प्रभावी ढंग से रख सके. संगठन आने वाले समय में व्यापारियों के हित के लिए किन नई नीतियों पर काम करेगा, इसकी पूरी रूपरेखा सदन के सामने रखी गई.
अड्डा चेयरमैन कवि दत्ता ने व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि रानीगंज का कपड़ा बाजार पूरे अंचल में एक विशेष पहचान रखता है. उन्होंने व्यापारिक विकास के लिए हर संभव प्रशासनिक सहयोग का भरोसा दिलाया. वहीं, रोहित खेतान ने व्यापारिक भाईचारे और चैंबर के साथ समन्वय पर बल दिया.
इस बैठक में एसोसिएशन के सदस्यों सहित शहर के कई गणमान्य व्यवसाई उपस्थित रहे, जिन्होंने संगठन को और अधिक गतिशील बनाने के लिए अपने बहुमूल्य सुझाव दिए.



0 टिप्पणियाँ