रानीगंज: रानीगंज लायंस आर.एल.जे.डी.एम. चनानी डीएवी पब्लिक स्कूल के प्रांगण में 77वां गणतंत्र दिवस और विद्यालय का वार्षिक उत्सव ‘कॉनफ्लुएंस-2025’ अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. देशभक्ति के रंगों और सांस्कृतिक छटा के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा, कला और राष्ट्रीय गौरव का अद्भुत संगम देखने को मिला.
तिरंगे को सलामी और शौर्य का प्रदर्शन
समारोह का शुभारंभ विद्यालय के एल.एम.सी. अध्यक्ष सपन लोयलका द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ. राष्ट्रगान के पश्चात विद्यार्थियों ने अनुशासित मार्च पास्ट करते हुए तिरंगे को सलामी दी। नन्हे मुन्नों द्वारा गाए गए देशभक्ति गीतों और गणतंत्र दिवस के महत्व पर दिए गए भाषणों ने उपस्थित जनसमूह में देश-प्रेम की अलख जगा दी
वार्षिकोत्सव के मुख्य अतिथि के रूप में आसनसोल सदर के डब्ल्यू.बी.सी.एस (कार्यकारी) विश्वजीत भट्टाचार्य उपस्थित थे.विशेष अतिथि के रूप में विद्यालय के गौरवशाली पूर्व छात्र व सीनियर डिवीजनल प्रोफेशनल ऑफिसर (ईस्टर्न रेलवे) हर्ष कुमार गर्ग तथा उनकी धर्मपत्नी उप वित्तीय सलाहकार (रेल मंत्रालय) सीए सुरभि अग्रवाल शामिल हुईं. डीएवी पश्चिम बंगाल की क्षेत्रीय अधिकारी पापिया मुखर्जी की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को नई ऊँचाई दी. विद्यालय की प्राचार्या मंदिरा दे ने सभी अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर किया.
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
गायत्री मंत्र और डीएवी गान से शुरू हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नृत्य, नाटक और संगीत की मनमोहक श्रृंखला पेश की.प्राचार्या मंदिरा दे ने सत्र 2025-26 का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बोर्ड परीक्षाओं में विद्यालय के उत्कृष्ट परिणामों और सह-शैक्षणिक उपलब्धियों पर प्रकाश डाला.
मुख्य अतिथि विश्वजीत भट्टाचार्य ने कक्षा 9वीं से 12वीं तक के मेधावी छात्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. विशेष अतिथि हर्ष कुमार गर्ग ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को नैतिक बौद्धिमता के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। क्षेत्रीय अधिकारी पापिया मुखर्जी ने अपने संबोधन में कहा कि "शिक्षा केवल विषयों को रटना नहीं, बल्कि जीवन में अच्छा प्रदर्शन करना है
समारोह में स्कूल एंड वेलफेयर ट्रस्ट के प्रेसिडेंट सुशील गनेड़ीवाला, अध्यक्ष सपन लोयलका, रश्मि टोडानी, स्वीटी केडिया, मुस्कान कालोटीया, ऋषिका जैन माहेश्वरी सहित विभिन्न डीएवी स्कूलों के प्राचार्य और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
कार्यक्रम का समापन वरिष्ठ शिक्षक द्वारा धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ.अभिभावकों और विद्यार्थियों ने परिसर में लगाए गए विभिन्न खाद्य स्टालों का भी भरपूर आनंद लिया.




0 टिप्पणियाँ