आरोप: फ्लैट बेचते समय किए गए वादे निकले खोखले, पोजीशन लेटर और कंप्लीशन सर्टिफिकेट का अब भी इंतजार
आसनसोल- आसनसोल के अंकुर सुकृति अपार्टमेंट के निवासियों और बिल्डर सुरेंद्र शर्मा के बीच चल रहा विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है. बिल्डर द्वारा हाल ही में दिए गए स्पष्टीकरण को निवासियों ने पूरी तरह निराधार बताते हुए एक बार फिर संवाददाता सम्मेलन किया. इस दौरान निवासियों ने दस्तावेजों और अपनी समस्याओं को सामने रखते हुए बिल्डर के खिलाफ वादाखिलाफी का मोर्चा खोल दिया.
सुविधाओं के नाम पर सिर्फ मिला आश्वासन
संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए फ्लैट मालिक अनिल जालान ने कहा कि बिल्डर सुरेंद्र शर्मा ने फ्लैट बेचते समय कई लुभावने वादे किए थे, लेकिन हकीकत इसके उलट है. उन्होंने बताया कि अपार्टमेंट में पानी की भारी किल्लत है.सुरक्षा के नाम पर लगाए गए फायर एक्सटिंग्विशर (अग्निशमन यंत्र) शो-पीस बनकर रह गए हैं क्योंकि वे सभी एक्सपायर हो चुके हैं. इसके अलावा, बच्चों के खेलने के लिए तय की गई जगह का भी कोई नामोनिशान नहीं है.
वैध दस्तावेजों का अभाव
निवासियों का सबसे गंभीर आरोप अपार्टमेंट की वैधता को लेकर है। अनिल जालान ने बताया कि फ्लैट लेने के इतने समय बाद भी निवासियों को न तो 'कंप्लीशन सर्टिफिकेट' (CC) मिला है और न ही 'पोजीशन लेटर' दिया गया है. बिना वैध दस्तावेजों के रहने के कारण निवासियों में भविष्य को लेकर असुरक्षा का माहौल है.
5 जनवरी के बाद आंदोलन होगा तेज
अपार्टमेंट के एक अन्य निवासी मनिंदर चौबे ने बिल्डर पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि सुरेंद्र शर्मा ने एक भी वादा पूरा नहीं किया है। उन्होंने जानकारी दी कि इस मामले की शिकायत 'रेरा' (RERA) में पहले ही दर्ज कराई जा चुकी है।
चौबे ने चेतावनी देते हुए कहा, "बिल्डर अपने बयानों से लोगों को गुमराह कर रहे हैं। हमने तय किया है कि 5 जनवरी के बाद हम इस मामले को लेकर आसनसोल नगर निगम, जिला शासक (DM) कार्यालय और अन्य संबंधित प्रशासनिक विभागों में लिखित शिकायत दर्ज कराएंगे। जब तक हमें न्याय नहीं मिलता, यह लड़ाई जारी रहेगी।"
क्या है मामला?
गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले निवासियों ने पहली बार प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बिल्डर पर आरोप लगाए थे, जिसके बाद बिल्डर सुरेंद्र शर्मा ने इन आरोपों को गलत बताया था। आज की प्रेस कॉन्फ्रेंस उसी का जवाब थी, जिसमें निवासियों ने साफ कर दिया कि वे बिल्डर के जवाब से संतुष्ट नहीं हैं और अब कानूनी रास्ता अख्तियार करेंगे।

0 टिप्पणियाँ