रानीगंज-रानीगंज के 91 नम्बर वार्ड के नेपाली धौड़ा इलाके में रेलवे द्वारा निवासियों को हटाने के नोटिस जारी किए जाने के बाद उपजे तनाव को लेकर, आज भाजपा की रानीगंज शाखा ने रेलवे स्टेशन मैनेजर से मुलाकात की और अपनी आपत्ति दर्ज कराई.
भाजपा नेता शमशेर सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने रानीगंज रेलवे स्टेशन मैनेजर धर्मेंद्र कुमार से भेंट की और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा.
नोटिस से आतंक का माहौल
भाजपा प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि रेलवे द्वारा जारी किए गए नोटिस की वजह से नेपाली धौड़ा क्षेत्र में रहने वाले लोगों में डर और आतंक का माहौल है.
भाजपा नेता शमशेर सिंह ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि रानीगंज के नेपाली धौड़ा को रेलवे ने ले लिया है और वहां लंबे समय से रह रहे निवासियों को हटने का नोटिस जारी किया गया है. उन्होंने कहा की जो लोग वहां पर लंबे समय से रहते आ रहे हैं, अगर उन्हें अचानक हटने के लिए कहा जाए तो वे कहां जाएंगे? जिसकी जमीन है वह जमीन खाली करने का नोटिस दे सकते हैं, लेकिन यहां पर जो लोग दशकों से रह रहे हैं, उनके बारे में भी सोचना चाहिए."
शमशेर सिंह ने स्पष्ट मांग की कि उस क्षेत्र के निवासियों के लिए वैकल्पिक इंतजाम करने की आवश्यकता है, खासकर जो आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोग हैं, उनके लिए विशेष व्यवस्था की जाए. उन्होंने यह भी साफ किया कि भारतीय जनता पार्टी इस क्षेत्र के लोगों के साथ है और उनके साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा.
इस मुद्दे पर भाजपा नेता बादशाह चटर्जी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की. उन्होंने आरोप लगाया कि हर संस्थान में कुछ ऐसे लोग होते हैं जो जानबूझकर समस्या उत्पन्न करते हैं, और यह काम रेलवे के उन्हीं तत्वों द्वारा किया गया होगा.
बादशाह चटर्जी ने आरोप लगाया की बंगाल में चुनाव से पहले इस तरह का माहौल बनाया जाता है ताकि भाजपा को नुकसान पहुंचे, लेकिन भाजपा इस बार ऐसा नहीं होने देगी."
उन्होंने यह भी घोषणा की कि पार्टी इस मामले की जांच करवाएगी कि आखिर इस नोटिस को जारी करने के पीछे रेलवे के किन लोगों का हाथ है.उन्होंने स्टेशन मैनेजर को साफ कहा कि रेलवे द्वारा जारी नोटिस पर अभी कोई कार्रवाई न की जाए और अगर ऐसा किया गया तो भाजपा चुप नहीं बैठेगी.
स्टेशन मैनेजर ने अनभिज्ञता जताई
जब बादशाह चटर्जी से पूछा गया कि रेलवे स्टेशन मैनेजर ने क्या जवाब दिया, तो उन्होंने बताया कि स्टेशन मैनेजर ने उन्हें सूचित किया कि उनके पास इस नोटिस से संबंधित कोई जानकारी नहीं है.
रानीगंज रेलवे स्टेशन मैनेजर धर्मेंद्र कुमार ने भी पत्रकारों से बात करते हुए स्वीकार किया कि उन्हें रेलवे द्वारा नेपाली धौड़ा के लोगों को जारी नोटिस के बारे में कोई जानकारी नहीं है.उन्होंने आश्वासन दिया कि भाजपा द्वारा दिए गए ज्ञापन को वह अपने उच्च अधिकारियों तक पहुंचा देंगे.










0 टिप्पणियाँ