रानीगंज-रानीगंज में रोमांचक चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद भी बार-बार चोरी करने वाला नशेड़ी चोर इस बार बच नहीं सका. कभी मंदिर में चोरी तो कभी घर में सेंधमारी करने वाला कुख्यात चोर विकाश शर्मा उर्फ ‘टेटिया’ इस बार मोबाइल दुकान में चोरी कर फिर पुलिस के जाल में फंस गया.
6 अगस्त की रात रानीगंज के महावीर कोलियरी क्षेत्र के साहेब कोठी, पलाश डांगा स्थित प्रमोद कुमार रविदास की मोबाइल दुकान की एस्बेस्टस की छत तोड़कर 6 महंगे मोबाइल और करीब 30 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए थे. अगले दिन दुकान मालिक को घटना की जानकारी मिली और उन्होंने रानीगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई.
रानीगंज थाने की पुलिस ने पीसी पार्टी पुलिस टीम के साथ मिलकर इलाके के मैनुअल स्रोतों को सक्रिय किया और सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए 7 अगस्त को ही इस आदतन चोर ‘टेटिया’ को गिरफ्तार कर लिया. बताया गया कि रानीगंज के कई इलाकों में मंदिर, घरों में चोरी और डकैती की नीयत से जमा होने के मामलों में भी पुलिस ने पहले उसे पकड़ा था और अदालत में पेश कर सजा भी दिलाई थी, इसके बावजूद नशे की लत में उसने एक बार फिर चोरी की वारदात को अंजाम दिया.
पुलिस ने 8 अगस्त को रानीगंज थाने के इंस्पेक्टर विकाश दत्ता के नेतृत्व में उसे पकड़ लिया.9 अगस्त को पुलिस ने आरोपी को आसनसोल जिला अदालत में पेश किया, जहां न्यायाधीश ने पूछताछ के लिए 4 दिन की पुलिस हिरासत का आदेश दिया.
इसके बाद पुलिस ने 10 अगस्त को आरोपी को साथ लेकर उसके छिपाए गए चोरी के सामान की बरामदगी शुरू की. उसके घर और कई गुप्त ठिकानों से सामान बरामद करने की कार्रवाई की गई. पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर घटना को पूरी जानकारी दी.
आरोपी ने अपने बयान में चोरी की वारदात को अकेले अंजाम देने की बात कबूल की और बताया कि चोरी किए गए नगद में से कुछ रकम वह पहले ही खर्च कर चुका है. हालांकि पुलिस ने उसके पास से 15,720 रुपये नकद और 6 बिल्कुल नए सीलबंद महंगे मोबाइल बरामद किए हैं.
रानीगंज थाने के अधिकारी विकाश दत्ता ने बताया कि आरोपी से अभी पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि उसने और कौन- कौन सी चोरी की घटनाएं की हैं और क्या इस काम में उसके साथ कोई और भी शामिल था.


0 टिप्पणियाँ