बांकुड़ा: बुधवार शाम राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 60 धोलडांगा चौराहे के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में फल लदे एक ऑटो रिक्शा के चालक की मौके पर ही मौत हो गई. स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस द्वारा की जा रही कथित अवैध टोल वसूली के कारण ऑटो चालक ने गति बढ़ाई, जिससे यह दुर्घटना हुई दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर पुलिस के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया.
यह घटना धोलडांगा चौराहे से कुछ ही आगे, एकतेश्वर ब्रिज से सटे इलाके में हुई. जानकारी के अनुसार, फलों से लदा ऑटो रिक्शा तेज गति से बांकुड़ा की ओर जा रहा था. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धोलडांगा से आगे बढ़ने पर सड़क पर पुलिसकर्मियों को खड़ा देखकर ऑटो चालक ने अपनी गति और बढ़ा दी. इसी दौरान, ऑटो अनियंत्रित हो गया और आगे चल रही एक लॉरी से पीछे से टकरा गया. टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पलटकर एक अन्य लॉरी के ऊपर जा गिरा.
इस भीषण टक्कर में ऑटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई.मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है
हादसे के तुरंत बाद, बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जमा हो गए. उन्होंने तुरंत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 60 को जाम कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई. प्रदर्शनकारी पुलिस पर अवैध रूप से टोल वसूलने का आरोप लगा रहे थे और उनका दावा था कि इसी दबाव के कारण ऑटो चालक ने तेज गति से गाड़ी चलाई, जिससे यह दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना हुई.
काफी देर तक सड़क जाम रहने के बाद, बांकुड़ा सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया और आक्रोशित भीड़ को शांत कराया. पुलिस ने मृतक ऑटो चालक के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और सड़क जाम को हटाकर यातायात सामान्य कराया.
स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर गहरा आक्रोश है और उन्होंने इस घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है.

0 टिप्पणियाँ