रानीगंज: रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स परिसर में गुरुवार को पश्चिम बंगाल भविष्य क्रेडिट कार्ड योजना के बारे में एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राज्य सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना को आम जनता तक पहुंचाना और उन्हें इसके लाभों से अवगत कराना था.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, रानीगंज शाखा के चीफ मैनेजर राजकुमार केसरी और रानीगंज के बीडीओ सुभदीप गोस्वामी उपस्थित थे. इसके अतिरिक्त, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की पंजाबी मोड शाखा के चीफ मैनेजर धनंजय प्रसाद अपनी पूरी टीम के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए.
रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष रोहित खेतान ने बताया कि पश्चिम बंगाल भविष्य क्रेडिट कार्ड योजना राज्य सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जिसका उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को वित्तीय सहायता प्रदान करना है.उन्होंने बताया कि रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स ने इस योजना की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया है.
इस अवसर पर रानीगंज के बीडीओ सुभदीप गोस्वामी और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान की.उन्होंने बताया कि यह योजना स्वरोजगार को बढ़ावा देने और छोटे व्यवसायों को शुरू करने या विस्तारित करने में सहायक सिद्ध होगी. स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के चीफ मैनेजर राजकुमार केसरी और धनंजय प्रसाद ने बैंक की ओर से इस योजना के तहत ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के बारे में जानकारी दी.
रोहित खेतान ने बताया कि इस योजना के तहत ₹5 लाख रुपयों तक के ऋण का प्रावधान है, जिससे इच्छुक व्यक्ति अपना उद्यम शुरू कर सकते हैं या अपने मौजूदा व्यवसाय को आगे बढ़ा सकते हैं. उन्होंने इस कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजित करने में अनिल लोहारूवाला और शरत कनोडिया के महत्वपूर्ण योगदान की भी सराहना की.
कार्यक्रम के दौरान रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स के कई सदस्य और आम नागरिक उपस्थित थे, जिन्होंने योजना से संबंधित अपनी शंकाओं का समाधान किया और इसके लाभों के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की. इस पहल से रानीगंज क्षेत्र के लोगों को वित्तीय रूप से सशक्त होने और आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलने की उम्मीद है.



0 टिप्पणियाँ