जामुड़िया-जामुड़िया के विधायक हरेराम सिंह को पश्चिम बर्दवान जिले का चेयरमैन नियुक्त किए जाने पर उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई. शुक्रवार की शाम जामुड़िया विधायक कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की और मिठाईयां बांटी. इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग विधायक हरेराम सिंह को बधाई देने के लिए उमड़े.
तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने पश्चिम बर्दवान जिले के संगठनात्मक ढांचे में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं. पांडवेश्वर के विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती को एक बार फिर जिला अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया है, जबकि जामुड़िया के विधायक हरेराम सिंह को जिला चेयरमैन बनाया गया है. इसके अतिरिक्त, कुल्टी के पूर्व विधायक उज्ज्वल चटर्जी को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
जिला अध्यक्ष के रूप में अपनी पुनर्नियुक्ति पर, नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि यह भरोसा पश्चिम बर्दवान के आम लोगों का भरोसा है और वह आने वाले दिनों में संगठन को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं. उन्होंने 2026 के विधानसभा चुनावों में पश्चिम बर्दवान की सभी नौ सीटों पर तृणमूल कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया.
नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने यह भी विश्वास जताया कि लोकसभा चुनाव में आसनसोल और दुर्गापुर दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जीत हासिल करेंगे.उन्होंने कहा कि जिस तरह पंचायत और लोकसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस ने बड़ी जीत हासिल की, उसी तरह 2026 के विधानसभा चुनावों में भी पार्टी को सफलता मिलेगी.
उज्ज्वल चटर्जी को प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर भी तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर की.उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपना संगठन के प्रति उनके समर्पण को दर्शाता है.



0 टिप्पणियाँ