रानीगंज: बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक रामनवमी का पर्व रानीगंज कोयलांचल में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. रानीगंज के विभिन्न मंदिरों में भगवान श्री राम के जन्मोत्सव पर विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.
इसी क्रम में रानीगंज के श्री सीताराम मंदिर में रामनवमी का पर्व बड़े ही धूमधाम और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ.सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया था.भक्तों की लंबी कतारों को सुव्यवस्थित करने में मंदिर कमेटी के सदस्यों को काफी प्रयास करने पड़े.
लगभग डेढ़ सौ वर्ष पुराना श्री सीताराम मंदिर कोयलांचल क्षेत्र, विशेषकर कोयलांचल-शिल्पांचल में गहरी आस्था का केंद्र रहा है. मंदिर कमेटी के अध्यक्ष विमल बाजोरिया ने जानकारी दी कि इस वर्ष भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव का आयोजन विशेष रूप से किया गया. भक्तों ने भगवान राम का अभिषेक किया और मंदिर की परंपरा के अनुसार ज्योत प्रज्वलित की गई. पूजा-अर्चना संपन्न होने के पश्चात मंदिर के कपाट खोले गए, जिसके बाद श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया.
मंदिर कमेटी के सचिव प्रदीप सरायां ने बताया कि इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में मन्दिर कमिटी के सदस्यों ने सहयोग प्रदान किया. मंदिर कमेटी की ओर से सभी सहयोगियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया गया.
मंदिर कमेटी के कोषाध्यक्ष ललित झुनझुनवाला ने बताया कि अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर की स्थापना के बाद से रानीगंज के इस मंदिर में भी भक्तों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि देखी जा रही है. उन्होंने कहा कि इस बार भक्तों में जैसा उत्साह देखने को मिला, वैसा पहले कभी नहीं देखा गया था.
इस पावन अवसर पर रानीगंज के बड़ा बाजार स्थित हनुमान मंदिर में भी प्रातः काल से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी रही. इसके अतिरिक्त, के जी लेन स्थित श्री शीतला माता मंदिर से महिलाओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसने पूरे रानीगंज बाजार की परिक्रमा की. रामनवमी के उत्साह में डूबे हिंदुओं ने अपने-अपने घरों पर भगवा ध्वजाएं लगाईं. स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि इस बार भगवा झंडों की जमकर बिक्री हुई.
पूरे दिन मंदिरों में हनुमान चालीसा पाठ, सुंदरकांड पाठ और राम कथा के आयोजनों की धूम रही, जिससे संपूर्ण वातावरण राममय हो गया.
सोमवार दोपहर को विश्व हिंदू परिषद द्वारा रानीगंज के श्री सीताराम जी भवन से एक विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसकी भव्य तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। शोभायात्रा के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है.



0 टिप्पणियाँ