कोलकाता (पीबी टीवी )देश में ट्रेन दुर्घटनायें रुकने की नाम नहीं ले रही है. झारखंड के साहेबगंज जिले में मंगलवार सुबह दो मालगाड़ियों की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, बिजली कंपनी एनटीपीसी द्वारा संचालित दो ट्रेनों के बीच टक्कर बरहेट थाना क्षेत्र के भोगनाडीह के पास तड़के करीब तीन बजे हुई। जिस ट्रैक पर दुर्घटना हुई, वह भी एनटीपीसी के स्वामित्व में है और इसका उपयोग मुख्य रूप से उसके बिजली संयंत्रों तक कोयला परिवहन के लिए किया जाता है।
जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब साढ़े तीन बजे की बताई जा रही है। फरक्का से ललमटिया जा रही एक मालगाड़ी बरहेट में खड़ी एक मालगाड़ी से टकरा गई। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
साहेबगंज के उप-विभागीय पुलिस अधिकारी किशोर तिर्की ने बताया, "आमने-सामने की टक्कर में दोनों मालगाड़ियों के चालकों की मौत हो गई।" मृतकों में बोकारो जिले के सेक्टर 9 निवासी 32 वर्षीय अंबुज महतो और पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के जियागंज निवासी ज्ञानेश्वर मल शामिल हैं। घायलों में 32 वर्षीय जितेंद्र कुमार, 45 वर्षीय उदय मंडल, 55 वर्षीय राम घोष और 48 वर्षीय टीके नाथ शामिल हैं।
पूर्वी रेलवे के प्रवक्ता कौशिक मित्रा ने कहा, 'मालगाड़ी और ट्रैक दोनों एनटीपीसी के हैं। इसका भारतीय रेलवे से कोई लेना-देना नहीं है।' जिस लाइन पर दुर्घटना हुई वह बिहार के भागलपुर जिले में एनटीपीसी के कहलगांव सुपर थर्मल पावर स्टेशन को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में फरक्का पावर प्लांट से जोड़ती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मालगाड़ियों के बीच टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो लोको पायलटों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के कारण इंजन और कोयले से लदे बोगियों में आग लग गई। दोनों वाहन पटरी से उतर गए। एक इंजन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इससे पहले रविवार को ओडिशा में एक बड़ा रेल हादसा हुआ था। यहां कामाख्या एक्सप्रेस के कई डिब्बे पटरी से उतर गए। यह दुर्घटना कटक के नेरगुंडी रेलवे स्टेशन के पास हुई। ट्रेन संख्या 12251 बैंगलोर से असम के गुवाहाटी में कामाख्या स्टेशन जा रही थी। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि सात यात्री घायल हो गए। ओडिशा के कटक जिले में रविवार को एक एक्सप्रेस ट्रेन पटरी से उतर गई। सुबह 11.54 बजे मंगुली के पास निर्गुंडी में एसएमवीटी बेंगलुरु-कामाख्या एसी एक्सप्रेस के 11 डिब्बे पटरी से उतर गए थे। दुर्घटना में पश्चिम बंगाल एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि सात यात्री घायल हो गए थे.

0 टिप्पणियाँ