कोलकाता (पीबी टीवी )| पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के संतोषपुर रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह आग लग गई। जानकारी अनुसार यह भीषण आग बज बज सियालदह शाखा पर संतोषपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 2 पर लगी।प्लेटफार्म नंबर दो पर स्थित कई दुकानों में आग लगने से अफरा तफरी मच गई । स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग और रवींद्रनगर पुलिस स्टेशन को सूचित किया। सूचना मिलने पर चार दमकल गाड़ियां और रवींद्रनगर थाने से पुलिस मौके पर पहुंची। चूंकि वहां एक पंक्ति में कई दुकानें थीं, इसलिए आग तेजी से फैल गई थी। आग के कारण कुछ समय के लिए रेल सेवाएं बाधित रहीं। स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब 15-20 दुकानें जल गई है । बताया जा रहा है कि आग सुबह 6:30 से 7 बजे के बीच लगी। बहरहाल, रमजान के महीने में कपड़ों की विभिन्न दुकानों समेत 15 से 20 दुकानें जलकर राख हो गईं, जिससे व्यापारियों में दहशत का माहौल है और दमकलकर्मी आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं। आग पर काबू पाने के लिए युद्ध स्तर पर काम चल रहा है। इस बीच, आग के कारण सियालदह-बजबाज खंड पर रेल सेवाएं बाधित हो गई हैं। यात्रियों को बहुत परेशानी हो रही है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार रविवार की सुबह स्थानीय लोगों ने अचानक संतोषपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो के पास भीषण आग देखी और तुरंत रेलवे पुलिस को इसकी सूचना दी। आग की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंची और अग्निशमन विभाग को सूचित किया। चार दमकल गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं, लेकिन आग पर काबू पाने में कई घंटों की मशक्कत करनी पड़ी। तब तक संतोषपुर प्लेटफार्म नंबर दो पर स्थित करीब 12 से 15 दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थीं। इस घटना के कारण सियालदह दक्षिण शाखा पर रेल सेवाएं बाधित हो गई हैं।

0 टिप्पणियाँ