कोलकाता (पीबी टीवी) केंद्रीय खुफिया एजेंसी ने पश्चिम बंगाल सरकार को विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदुअधिकारी पर संभावित हमले की आशंका जताई है। साथ ही खुफिया एजेंसी को सचेत किया है। इस संबंध में बात करने पर विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि वह हमेशा ही जनता के बीच में रहकर काम करते आए है। उन पर पहले भी हमला हो चुका है। सीपीएम के समय हमला हुआ था, तृणमूल कांग्रेस के समय में भी हमला हुआ है। अब आतंकियों का हमले का डर है, लेकिन मैं डरने वाला नहीं हूं मैं हमेशा जनता के बीच रहा हूं जनता के लिए काम करता रहा हूं और आगे भी जनता के बीच रहूंगा जनता ही मेरी कवच और सुरक्षा है
आपको बता दें कि केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने शुभेंदु अधिकारी पर संभावित आतंकी हमले के बारे में सचेत किया है। यह हमला बांग्लादेश स्थित कट्टरपंथी संगठन के सहयोगियों द्वारा किया जा सकता है, जो पड़ोसी देश के साथ लगती सीमा के जरिए भारतीय क्षेत्र में पहले ही प्रवेश कर चुके हैं।
सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय एजेंसियों की ओर से राज्य सचिवालय को भेजी गई दो सूचनाओं में यह स्पष्ट रूप से कहा गया है कि विपक्ष के नेता दो बांग्लादेशी कट्टरपंथी संगठनों जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (जेएमबी) और हिज्ब-उत-तहरीर (एचयूटी) के निशाने पर हैं।
सूत्रों ने बताया कि खुफिया रिपोर्टों में यह भी दावा किया गया है कि विपक्ष के नेता को उन कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में निशाना बनाया जा सकता है, जिनमें वह रोजाना भाग ले रहे हैं। इन कार्यक्रमों में वह बांग्लादेश में हाल के संकट, खासकर वहां अल्पसंख्यकों और हिंदू धार्मिक प्रतिष्ठानों पर हमले के बारे में लगातार मुखर रहे हैं। इस संबंध में खतरे की आशंका पहले से ही थी, जिसके मद्देनजर केंद्र सरकार ने पिछले महीने अधिकारी की सुरक्षा बढ़ाने का फैसला किया था।
इस साल नवंबर तक अधिकारी को केवल पश्चिम बंगाल राज्य में ही "जेड" श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त थी। हालांकि केंद्रीय खुफिया रिपोर्ट में खतरे की आंशका को देखते हुए अब से विपक्ष के नेता को भारत में जहां भी वे यात्रा करेंगे, वही सुरक्षा प्रदान की जाएगी। इससे पहले अधिकारी को पश्चिम बंगाल के अलावा किसी भी अन्य राज्य में “वाई” श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त थी।

0 टिप्पणियाँ