जामुड़िया-जामुड़िया के जादूडांगा स्तिथ एक फैक्ट्री में आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंच कर आग बुझाने में जुट गई है, जबकि कर्मचारी भी आग बुझाने में सक्रिय हैं. पता चला है कि पेट्रोलियम उत्पादों से संबंधित पीपी फोम फैक्ट्री में उत्पादन होता था. ड्रीम पॉलीपैक नाम की इस फैक्ट्री के गोदाम में सुबह करीब 6:30 बजे यह आग लगी. इस भयानक आग की वजह से आसपास के इलाके के लोग डर के मारे अपना घर छोड़कर बाहर निकल गए . इस फैक्ट्री के आसपास कई अन्य कारखाने हैं इसके साथ-साथ यह फैक्ट्री घनी आबादी से घिरी हुई है. फिलहाल, फायर ब्रिगेड के कर्मचारी आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं और जांच कर रहे हैं कि कहीं आग किसी और यूनिट तक तो नहीं फैल गई है. चूंकि जहां आग लगी वह गोदाम फैक्ट्री के एक छोर पर है, इसलिए फिलहाल आग फैलने का पता नहीं चल सका है, लेकिन अग्निशमन विभाग के कर्मचारी इस पर विचार कर रहे हैं कि आग को अन्यत्र फैलने से कैसे रोका जाए.मालूम हो कि 2015-16 में भी इसी फैक्ट्री में एक और भयानक आग लगी थी जब फैक्ट्री की एक बड़ी यूनिट जलकर राख हो गई थी.पुनः शनिवार को पेट्रोलियम पदार्थ के गोदाम में लगी आग की लपटों का धुआं देखा गया क्योंकि उसका धुआं कई किलोमीटर दूर तक फैल गया. चारों तरफ आग लगने से गोदाम के शेड मुड़-तुड़ गए है और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई है. इस भयावह आग के कारणों को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं. हालांकि कर्मचारियों का दावा है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी होगी. हालांकि जब इस बारे में फैक्ट्री के अधिकारियों से पूछा गया तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया.











0 टिप्पणियाँ