रानीगंज- ईसीएल के जे के नगर कोलियरी के श्रमिकों ने शनिवार को ईसीएल प्रबंधन द्वारा काली पूजा एवं दीपावली की छुट्टी दीपावली के एक दिन बाद 13 नवंबर को देने का विरोध किया. कोलियरी के यूनियनों द्वारा शनिवार को जेके नगर कोलियरी के कार्मिक प्रबंधक का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया गया.इस दौरान यूनियन नेताओं ने 12 नवंबर रविवार को छुट्टी की मांग पर कार्मिक प्रबंधक सुबीर दे के कार्यालय के अंदर धरना पर बैठ गए. इस दौरान आईएनटीयूसी नेता बबलू सिन्हा ने बताया कि काली पूजा की छुट्टी को लेकर जेके नगर कोलियरी प्रबंधन संयुक्त सलाहकार समिति (जेसीसी) की बैठक बुलाई. बैठक में सभी यूनियनों ने राय दिया कि 12 नवंबर को काली पूजा एवं दीपावली की छुट्टी होनी चाहिए आज सुबह में नोटिस भी दिया गया कि काली पूजा एवं दीपावली की छुट्टी 12 तारीख को होगी, अचानक प्रबंधन द्वारा कहा जा रहा है कि सीएमडी का आदेश आई है कि काली पूजा एवं दीपावली की छुट्टी 13 नवंबर को दी जाएगी. बैठक में सभी यूनियनों द्वारा जब फैसला लिया गया की छुट्टी 12 नवंबर को होगी तो अब 13 नवंबर को छुट्टी क्यों दी जा रही है. हम लोग इस आदेश को नहीं मानेंगे. हमारी मांग है कि प्रबंधन 12 नवंबर को छुट्टी पर मुहर लगाए. इस विषय पर जेके नगर कोलियरी के एजेंट लालमणि चौधरी ने बताया कि यूनियनों के साथ फैसला लिया गया था कि दीपावली एवं काली पूजा की छुट्टी 12 नवंबर को दी जाएगी इसके लिए नोटिस भी दिया गया था परंतु अचानक हेड क्वार्टर से आदेश आया कि सभी कोलियरियों में दीपावली एवं काली पूजा की एक साथ 13 नवंबर को छुट्टी दी जा रही है ,इसलिए जेके नगर कोलियरी में भी 13 नवंबर को ही छुट्टी रहेगी. यहां के यूनियन में इसका विरोध था, परंतु समझाने पर सभी मान गए. प्रदर्शन के दौरान सीपीआई से सतेन्द्र सिंह, बीेएमएस से गणेश चौधरी, सीपीएम से वशिष्ठ पासवान सहित अन्य उपस्थित थे.











0 टिप्पणियाँ