आसनसोल : टीएमटी बार सहित ट्रक फैक्ट्री से गायब होने के मामले में कुल्टी थाना क्षेत्र के चौरंगी फांड़ी की पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जानकारी के अनुसार 30 मई को कुल्टी स्थित कल्याणेश्वरी कैप्टन स्टील इंडिया लिमिटेड के कारखाने से एक ट्रक में लगभग 25 टन टीएमटी सरिया लादे गए थे। जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 17 लाख 30 हजार रुपए है। इसके बाद से ट्रक अपने गंतव्य पर पहुंचे बिना गायब हो गई। स्थिति को भांपते हुए फैक्ट्री के अधिकारियों ने कुल्टी थाने की चौरंगी फांड़ी में शिकायत दर्ज करायी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। जिसमें शनिवार को पूर्वी मेदिनीपुर के नंदकुमार थाना क्षेत्र में माल का ठिकाना मिल गया। जिसके बाद पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दिलीप जाना नाम के एक स्थानीय व्यक्ति के पते से लगभग पूरा टीएमटी बार बरामद कर लिया। हालांकि ट्रक और चालक का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने घटना की जांच के क्रम में दिलीप जाना नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर अन्य ट्रक में सामान सहित चौरंगी फांड़ी लायी। सोमवार को आसनसोल कोर्ट ले जाया गया। पुलिस ने घटना की पूरी जांच शुरू कर दी है। जांच के लिए आरोपी को पुलिस हिरासत में लिया जाएगा।



0 टिप्पणियाँ