ईसीएल के कुनुस्तोड़िया क्षेत्र में स्वच्छता पखवाड़े का समापन
जामुड़िया-ईसीएल के कुनुस्तोड़िया क्षेत्र में शुक्रवार को स्वच्छता पखवाड़े का समापन समारोह आयोजित हुआ. क्षेत्रीय सम्मेलन कक्ष में आयोजित इस समारोह में क्षेत्रीय महाप्रबंधक अनिल कुमार सिन्हा की उपस्थिति में क्षेत्र में 16/06/2023 से चल रहे स्वच्छता पखवाड़े का समापन सफ़ाई कर्मियों के अभिनंदन व विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजयी स्कूली छात्रों को पुरस्कृत कर किया गया.इस मौक़े पर श्री सिन्हा ने कहा कि स्वच्छता हम सभी के जीवन का अभिन्न अंग है और इसके लिए हमें किसी तिथि विशेष या आयोजन विशेष की प्रतीक्षा नहीं करनी चाहिए.उन्होंने आगे कहा कि स्वच्छता केवल बाहरी परिवेश की ही नहीं होती, इसके माध्यम से अंत:करण की शुद्धता भी अपेक्षित होती है. वहीं, अपने उद्गार व्यक्त करते हुए क्षेत्रीय कार्मिक प्रबंधक राजेश त्रिवेदी ने कहा कि विविध कार्यक्रमों के सफ़ल आयोजन से कुनुस्तोड़िया क्षेत्र ने अपने कर्मियों व स्थानीय ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक और सचेष्ट रहने का संदेश दिया है. समारोह के दौरान क्षेत्रीय सामुदायिक विकास अधिकारी ज्योति प्रसाद बोरी ने इस पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी. वहीं, क्षेत्रीय पर्यावरण अधिकारी अभिरूप बासु ने स्वच्छता विषयक जानकारी साझा की. समारोह में क्षेत्र के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ क्षेत्रीय जेसीसी, कल्याण मंडल के सदस्यों व यूनियन प्रतिनिधियों की भी मौज़ूदगी रही .



0 टिप्पणियाँ