रानीगंज:– एक सौ दिन रोजगार का बकाया वेतन केन्द्र सरकार द्वारा भुगतान नहीं किए जाने के विरोध में राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्देश पर रानीगंज शहर तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष रूपेश यादव के नेतृत्व में रानीगंज के वार्ड नंबर 37 के महाबीर कोलियरी एक नंबर क्षेत्र में विरोध जुलूस निकाला गया. जुलूस महाबीर कोलियरी इलाके से शुरु होकर पूरे इलाके की परिक्रमा करते हुए बाबूपुर में जाकर सभा में बदल गया. इस दौरान जुलूस में उपस्थित तृणमूल नेताओं ने केन्द्र सरकार से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कमी करने, आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में कमी करने सहित 100 दिन के काम के बकाया वेतन भुगतान की मांग की. साथ ही केंद्र सरकार पर पश्चिम बंगाल राज्य की उपेक्षा करने का भी आरोप लगाया. इस अवसर पर रूपेश यादव ने कहा कि महंगाई को लेकर केंद्रीय मंत्रियों ने मजाक बनाना शुरू कर दिया है. एक केंद्रीय मंत्री का कहना है कि अगर महंगाई बढ़ती है, तो इससे किसानों को फायदा होगा.रूपेश यादव ने कटाक्ष करते हुए कहा कि वे कटे हुए घावों पर नमक छिड़क कर लोगों को परेशान करने की कोशिश कर रहे हैं.इस मौके पर बापी चक्रवर्ती,अनिल सिंह आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे.


0 टिप्पणियाँ