जमुड़िया:- बुधवार को तालाब में नहाने के दौरान डूबने से दो स्कूली छात्रों की मौत हो गई. यह घटना जामुड़िया थाना के वार्ड संख्या पाँच अंतर्गत जामुड़िया ग्राम की है. इसे लेकर जामुड़िया ग्राम में मातम का माहौल बना हुआ है. मृतकों की पहचान जामुड़िया ग्राम निवासी 12 वर्षीय सुरजीत गोराई तथा रुद्र स्वर्णकार (14) के रूप में हुई है.घटना के बारे में जानकारी देते हुए स्थानीय ग्राम निवासी सुभाष पाल ने बताया कि स्कूलों में गर्मी की छुट्टी होने के कारण बुधवार की सुबह तकरीबन 10 बजे के लगभग 5 युवा लड़के अखलपुर शमशान घाट बांध पर स्नान करने गए थे. नहाने के क्रम में गहरे पानी में तैरना नहीं जानने के कारण दो लड़के डूब गए.बाकी तीनों किसी तरह पानी से बाहर निकले और खबर देने घर आए. उसके बाद परिजन व स्थानीय लोगों ने तालाब में उतर कर उनकी तलाश शुरू की.काफी तलाश करने के बाद दोनों लड़कों को तालाब से निकालकर स्थानीय अखलपुर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. वहीं स्थानीय लोगों का दावा है कि पिछले साल तालाब की मिट्टी काटी गई थी.मिट्टी की कटाई से अधिक गहरा होने से यह हादसा हुआ है. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर तृणमूल कांग्रेस के जामुड़िया ब्लॉक अध्यक्ष साधन राय पहुँचे. उन्होंने कहा कि आज सुबह पांच लड़के स्नान करने के लिए अखलपुर तालाब में गए थे. उनमें से दो बच्चे अचानक पानी में डूबने से उक्त दोनों बच्चों की मौत हो गयी, बाकी 3 बच्चे सुरक्षित है.मौके पर जामुड़िया थाना पुलिस पहुँच कर मृत दोनों बच्चों को पोस्ट मार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया.इस घटना को लेकर जामुड़िया ग्राम इलाके में शौक का माहौल बना हुआ है.

0 टिप्पणियाँ