आसनसोल : आखिरकार कई महीनों के बाद आसनसोल नगर निगम के मात्र पांच एमएमआईसी के नामों की घोषणा गुरुवार की सुबह हुई। मेयर विधान उपाध्याय ने नगर निगम के सभागार में एक बैठक आयोजित कर इंद्रानी मिश्रा, गुरदास चटर्जी, मानस दास, दिव्येंदु भगत, सुब्रत अधिकारी के नामों की घोषणा कर इन्हें पद व गोपनीयता की शपथ दिलायी। मौके पर आसनसोल नगर निगम के चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी, घोषित उप मेयर वसीम उल हक व अभिजीत घटक सहित तृणमूल के पार्षद व कर्मी उपस्थित थे। इस दौरान विधान उपाध्याय ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि आज 5 एमएमआईसी की घोषणा की गई। बहुत जल्द अन्य एमएमआईसी व चेयरमैन के नामों पर से संशय हट जाएगा। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि विपक्ष अगर यह कह रहा है कि वह अदालत के डर से यह किया गया तो सरासर गलत है। उन्होंने कहा कि अब तक यह घोषणा नहीं की जा सकी थी क्योंकि कई चुनाव थे साथ ही भाजपा द्वारा जिस तरह से पूरे देश के साथ-साथ आसनसोल में भी अस्थिरता का माहौल बनाया जा रहा है उसे लेकर यह देरी हुई उन्होंने कहा कि भाजपा जिस तरह से धीरे-धीरे बंगाल में अपना पांव पसारना चाहती है उनके मंसूबों को पूरा नहीं होने दिया जाएगा। नगर निगम में जो भी समस्या है उन को चरणबद्ध तरीके से हल किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम और नवनियुक्त एमआईसी एकजुट होकर काम करेंगे।



0 टिप्पणियाँ