रांनीगंज-गुरुवार दोपहर करीब ढाई बजे दामोदर नदी के मथुराचंडी घाट में नहाने के दौरान डूबे एक किशोर शुभो दास(15)तथा युवक सौरभ नंदी (21) का शव पुलिस विभाग के सिविल डिफेंस टीम के गोताखोरों ने शुक्रवार प्रातः खोज कर निकाला. सबसे पहले शुभो दास का शव मथुरा चंडी घाट के समीप जबकि सौरभ नन्दी का शव दामोदर नदी ब्रिज के नीचे पाया गया.दोनों का शव निकलते ही गम का माहौल व्याप्त हो गया,वहीं लोगो में इस बात को लेकर आक्रोश देखा गया कि बालू कारोबारी द्वारा अवैज्ञानिक तरीके से नदी में मशीन(पोकलेन) लगाकर बालू निकालने के कारण नदी में बड़े- बड़े गड्ढे बन जा रहे है,नदी में नहाने के दौरान उस गड्ढे के चपेट में आने से वह पानी से ऊपर उठ नहीं पाते हैं, फलतः डूब कर मृत्यु हो जाती है. इसके पूर्व भी लगातार ऐसी घटना घट चुकी है. मारे गये शुभो दास,एवं सौरभ नन्दी दोनों पश्चिम बर्दवान जिला के रानीगंज के न्यू एगरा गांव में रहते थे. स्थानीय सूत्रों के अनुसार वे दामोदर नदी पर मथुरा चंडी घाट पर गुरुवार दोपहर साईकल ले कर आये थे,नदी के किनारे उनके कपड़े,चप्पल एवं गमछा पाये गये थे उसके बाद, उन दोनो के लापता होने की खबर पूरे इलाके में फैल गई. घटना की खबर मिलते ही रानीगंज थाना व मेजिया थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई .शुक्रवार प्रातः इन दोनो के शवों को निकालने के बाद इलाके के लोग और मृतक के परिजन फूट-फूट कर रोने लगे. मेजिया थाने की पुलिस ने दो शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया .


0 टिप्पणियाँ