जामुड़िया-गर्मी शुरू होते ही चारों तरफ पानी की किल्लत आरम्भ हो गयी है. जामुडिया के वार्ड संख्या 4 स्थित मस्जिद मोहल्ला के लोगों ने पानी की मांग पर बाईपास सड़क को जाम कर जमकर प्रदर्शन किया. प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों में एक युवक मोहम्मद कलाम ने कहा कि रमजान महीने के पहले से ही इस इलाके में पानी नहीं आ रहा है, रमजान के पाक महीने में लोग बिना पानी पिए ही महीना काट दिए. यह समस्या दिन पर दिन बढ़ती जा रही है ,2 महीने से पीने का पानी नहीं मिल रहा है ,नतीजा हमारी दिनचर्या प्रभावित हो रही है.महिलाओं को घर के कामों को करने में काफी दिक्कत आ रही है. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बार-बार बोरो तथा नगर निगम में शिकायत करने के बावजूद भी कोई हल नहीं निकल रहा है नतीजा आज मजबूर होकर हम लोगों को आंदोलन के लिए उतरना पड़ा. इस दौरान मोहम्मद सिराज, मोहम्मद नियाज, मोहम्मद अल्ताफ शरीफ, शाहिद रिजु ने कहा कि पिछले 2 महीने से पानी की समस्या मस्जिद मोहल्ला के लोगों को झेलनी पड़ रही है,जबकि यह समस्या पास के ग्वाला पाड़ा में नहीं है, उन लोगों ने सरकार पर पक्षपात का आरोप लगाया. वहीं प्रदर्शन की खबर मिलते ही वार्ड अध्यक्ष मामून रशीद घटनास्थल पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया. वार्ड अध्यक्ष ने कहा कि पानी की समस्या सिर्फ मस्जिद मोहल्ला में ही नहीं है बल्कि अन्य इलाकों में भी है, जहां भी पानी की समस्या है, वहां टैंकर से पानी दिया जा रहा है, और जल्द ही इस इलाके में भी टैंकर से पानी देकर समस्या का हल किया जाएगा. काफी समझाने के बाद विरोध प्रदर्शन समाप्त हुआ.


0 टिप्पणियाँ