बांकुड़ा। बांकुड़ा और विष्णुपुर लोकसभा क्षेत्र में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस ने नई कमेटियों का गठन किया है। विधानसभा चुनाव के करीब तीन महीने बाद पार्टी की ओर से यह कदम उठाया गया है। बांकुड़ा जिला तृणमूल भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पार्टी नेताओं ने नई कमेटियों के गठन की घोषणा की।
बांकुड़ा लोकसभा क्षेत्र के लिए सुब्रत दरीपा और मोहन कर को संयुक्त संयोजक नियुक्त किया गया है। बांकुड़ा लोकसभा क्षेत्र के लिए कुल 17 सदस्यों की कमेटी गठित की गयी है। वहीं, विष्णुपुर लोकसभा क्षेत्र की नयी कमेटी में 14 सदस्य शामिल हैं। कमेटी में ठाकुर मणि सोरेन, गंगाराम मुर्मू, सुखेन बिद, आशुतोष मुखोपाध्याय, आलोक मुखोपाध्याय समेत कई लोगों को स्थान दिया गया है।
संवाददाता सम्मेलन में सुखेन बिद ने कहा कि चुनाव के करीब तीन महीने बाद नयी कमेटी का गठन किया गया है। यह कमेटी पार्टी के संगठनात्मक कार्यों में तेजी लाने के साथ-साथ दोनों लोकसभा क्षेत्रों में संगठन को और मजबूत करेगी।
वहीं, मोहन कर ने कहा कि नयी कमेटी में जंगलमहल क्षेत्र के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया गया है। संगठन को मजबूत करने के लिए सभी क्षेत्रों के प्रतिनिधियों को साथ लेकर काम किया जाएगा।
तृणमूल कांग्रेस की ओर से बताया गया कि नयी कमेटियों के गठन के माध्यम से बांकुड़ा और विष्णुपुर लोकसभा क्षेत्रों में पार्टी की गतिविधियों को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत करने की दिशा में कदम उठाया गया है।

0 टिप्पणियाँ