रानीगंज- सावन की तीसरी सोमवारी पर रानीगंज अंचल में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला. सुबह से ही दामोदर नदी के विभिन्न घाटों पर शिवभक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी.हजारों भक्तों ने दामोदर में स्नान कर कांवर में पवित्र जल उठाया और करीब 11 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर रानीसायर स्तिथ बाबा कामेश्वर नाथ तथा महेश्वर नाथ जोड़ामहादेव शिव मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया. पूरे मार्ग में हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे गूंजते रहे.
कांवरियों की सेवा के लिए रानीगंज की विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं की ओर से जगह-जगह सेवा शिविर लगाये गये. इसी क्रम में शिव शक्ति जन सेवा समिति की रानीगंज शाखा की ओर से शिशु बगान मोड़ पर भव्य सेवा शिविर लगाया गया. शिविर में हजारों कांवरियों को खीर-पूड़ी, शीतल पेयजल, शर्बत, बिस्किट, टॉफी सहित अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध करायी गयीं.सामूहिक आराधना और धार्मिक पाठ के बीच भक्तों की सेवा की गयी.
इस बार शिव शक्ति जन सेवा समिति ने मॉर्निंग वॉकर योगा ग्रुप के सदस्यों को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया था. इस दौरान समिति के रानीगंज शाखा प्रमुख तरुण बर्मन को पिछले 14 वर्षों से लगातार कांवरियों की सेवा करने के लिए मॉर्निंग वॉकर योगा ग्रुप की ओर से सम्मानित किया गया.
तरुण बर्मन ने बताया कि दिल्ली की शिव शक्ति जन सेवा समिति के तत्वावधान में पिछले 14 वर्षों से सावन की प्रत्येक सोमवारी पर कांवरियों के लिए नाश्ता और शर्बत की व्यवस्था की जा रही है.उन्होंने बताया कि रानीगंज में संस्था के करीब 22 सदस्य सक्रिय हैं और मुकेश भालोटीया, विनोद पांडे, अनिल सिंह समेत कई सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका आयोजन को सफल बनाने में रहती है.
उन्होंने कहा कि करीब 14 वर्ष पहले महज पांच किलो चीनी से शुरू हुआ यह सेवा आयोजन आज बढ़कर आज विशाल वटवृक्ष का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा, “शिवभक्तों की सेवा से मिलने वाले आनंद को शब्दों में व्यक्त करना मुश्किल है भगवान भोलेनाथ ने हमें अपने भक्तों की सेवा का अवसर दिया, इसके लिए हम सभी उनके आभारी हैं. हमारी कामना है कि यह सेवा परंपरा निरंतर चलती रहे.
शिविर में मॉर्निंग वॉकर योगा ग्रुप के विमल बाजोरिया, डॉ. मनोज कुमार, गणेश साव, उत्तम भगत,मनोज साव,ओमप्रकाश भुवालका, अशोक अरोड़ा, डॉ. कन्हैया केसरी, महेंद्र साव, सुशील गनेड़ीवाला, ललित झुनझुनवाला, बिमल देव गुप्ता, मनोज केसरी, रवि केसरी, प्रदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में सदस्य और शिवभक्त मौजूद रहे. सेवा शिविर में रात भर भक्तों की भीड़ लगी रही और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर समिति के सेवा भाव की सराहना की.



0 टिप्पणियाँ