जामुड़िया थाना पुलिस को मिली बड़ी सफलता, एडीपीसी का मोस्ट वांटेड गिरफ्तार
कोलकाता से गाड़ी लेकर आ रहा था प्रेमपाल, अंडाल एयरपोर्ट रोड के पास पुलिस ने बिछाया जाल
जामुड़िया थाना में दर्ज केस संख्या 219/26 में होगा चालान, बालू के अवैध खनन और परिवहन से जुड़ा है मामला
जामुड़िया:आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट (एडीपीसी) की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल और जामुड़िया के पूर्व विधायक हरेराम सिंह के पुत्र प्रेमपाल सिंह को जामुड़िया थाना पुलिस ने गुरुवार शाम अंडाल एयरपोर्ट रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, वह कोलकाता से गाड़ी से आ रहा था, तभी गुप्त सूचना के आधार पर नाकाबंदी कर उसे दबोच लिया गया.
प्रेमपाल के खिलाफ बालू के अवैध खनन, परिवहन और रंगदारी समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं. पुलिस उसे जामुड़िया थाना केस संख्या 219/26 में गिरफ्तार कर अदालत में पेश करेगी, जहाँ से उसे रिमांड पर लेने की अपील की जाएगी.
गौरतलब है कि पिछले कई वर्षों से इलाके में प्रेमपाल की दबंगई का दबदबा था. उस पर अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं पर हथियार तानने और घरों में तोड़फोड़ करने जैसे कई आरोप लगे थे, जिसे लेकर तृणमूल कार्यकर्ताओं ने पंजाबीमोड़ पुलिस फाड़ी में जोरदार प्रदर्शन भी किया था. यहाँ तक कि विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी मंच से चेतावनी देते हुए हरेराम सिंह को अपने बेटे पर लगाम कसने की हिदायत दी थी. चार मई को चुनाव परिणाम आने के बाद से ही वह लगातार फरार चल रहा था.
क्या है मामला संख्या 219/26?
जामुड़िया थाना के सहायक पुलिस अवर निरीक्षक (ASI) बिपेन पाल की शिकायत पर केस संख्या 219/26 दर्ज किया गया था. प्राथमिक प्राथमिकी (FIR) में संतोष माजी, शेख अरमान, असित पाल, शेख सदरुद्दीन, सरोज साव मंडल, नीलकांत साव मंडल, स्वपन पाल और एक ट्रैक्टर चालक समेत आठ लोगों को आरोपी बनाया गया था. इनके खिलाफ BNS की धारा 303(2), 317(2), 317(4), 61(2), 3(5) और 21 MMDR एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था.
पुलिस अधिकारी बिपेन पाल ने सूचना के आधार पर दामोदरपुर इलाके में अवैध बालू से लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया था. जाँच के दौरान पुलिस को इस पूरे नेटवर्क के पीछे प्रेमपाल सिंह की संलिप्तता के ठोस सबूत मिले. इसके बाद पुलिस ने जामुड़िया स्थित उसके कार्यालय पर छापेमारी कर कई अहम दस्तावेज जब्त किए थे.
'सबको अपने किए का फल भुगतना पड़ेगा': डॉ. बिजन मुखर्जी
प्रेमपाल सिंह की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए जामुड़िया के वर्तमान विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने पुलिस कार्रवाई की सराहना की. उन्होंने कहा:
"सबको अपने किए का फल भुगतना ही पड़ता है. जब हरेराम सिंह विधायक थे, तब उनका बेटा बंदूक की नोक पर अपनी बात मनवाता था. रंगदारी, बालू और कोयले के अवैध कारोबार से उसने अकूत संपत्ति खड़ी की. ईसीएल (ECL) के एक साधारण कर्मचारी के बेटे के पास करोड़ों की संपत्ति कहाँ से आई, यह भी निष्पक्ष जाँच का विषय है."
डॉ. मुखर्जी ने आगे कहा कि सत्ता के दंभ में उन्होंने अपनी ही पार्टी प्रमुख और राज्य की तत्कालीन मुख्यमंत्री तक की बातों को नजरअंदाज कर दिया था. उन्होंने पुलिस प्रशासन से माँग की कि प्रेमपाल के साथ-साथ उसके उन तमाम सहयोगियों पर भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए जो उसके काले कारनामों में बराबर के साझेदार थे.



0 टिप्पणियाँ