जामुड़िया- सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओर से पहल की गयी. आसनसोल संगठनात्मक जिला के जामुड़िया मंडल-2 युवा मोर्चा की ओर से चाकदोला मोड़ पर हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान 100 से अधिक बाइक चालकों के बीच नि:शुल्क आईएसआई मार्क वाले हेलमेट वितरित किये गये.
कार्यक्रम के माध्यम से बाइक चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक किया गया. कार्यक्रम में ‘रोड सेफ्टी, सबकी जिम्मेदारी’ और ‘हेलमेट पहनें, सुरक्षित रहें’ जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने की अपील की गयी.
कार्यक्रम में जामुड़िया विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी, बाराबनी विधायक अरिजीत राय, भाजपा जिला अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य, जिला महासचिव अपूर्व हाजरा, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अविक कुमार मंडल, भाजपा मंडल-2 अध्यक्ष राहुल बाउरी, मंडल-1 अध्यक्ष पिनाकी राय, युवा मोर्चा अध्यक्ष देवाशीष दुबे, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष रमेश घोष, जिला महासचिव बबन घोष, राहुल दास, सन्नी कुमार पासवान सहित भाजपा के कई कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे.
कार्यक्रम स्थल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर और राष्ट्रीय ध्वज वाले बैनर लगाये गये थे. युवा मोर्चा अध्यक्ष देवाशीष दुबे ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कई लोगों की जान लापरवाही के कारण चली जाती है.दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों की कीमती जान बचाने के उद्देश्य से आने वाले दिनों में भी इस तरह के सामाजिक और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे.



0 टिप्पणियाँ