रानीगंज- रानीगंज के 37 नंबर वार्ड में नालों और कचरे की नियमित सफाई को लेकर सोमवार को स्थानीय लोगों और नगर निगम के सफाई कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि नाराज लोगों ने नगर निगम के सफाई विभाग के सुपरवाइजर राजू रुईदास के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं.
राजू रुईदास ने बताया कि वह 33 नंबर वार्ड के सुपरवाइजर हैं, लेकिन 37 नंबर वार्ड के कुछ लोगों ने उन्हें रोककर क्षेत्र में सफाई नहीं होने की शिकायत की. उन्होंने लोगों को समझाने का प्रयास किया कि संबंधित वार्ड की जिम्मेदारी उनके पास नहीं है, लेकिन लोग उनकी बात सुनने को तैयार नहीं हुए और विवाद बढ़ गया.
वहीं सफाई कर्मचारी रमेश हांड़ी ने दावा किया कि गत गुरुवार को क्षेत्र के नाले की सफाई की गई थी. सोमवार को कर्मचारी नाले से निकला कचरा उठाने पहुंचे थे, तभी कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और सफाई व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई.
रानीगंज बोरो के सफाई विभाग के अधिकारी सुखमय चटर्जी ने बताया कि मामले की शिकायत पंजाबी मोड़ पुलिस चौकी में की गई है. पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत की है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि नियमित सफाई नहीं होने से इलाके में दुर्गंध फैल रही है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.


0 टिप्पणियाँ