हावड़ा: मध्य हावड़ा के अल्पसंख्यक बहुल इलाके में दबदबा रखने वाले टीएमसी समर्थित कथित 'डॉन' शमीम अहमद उर्फ बड़े के ठिकाने पर छापेमारी के दौरान पुलिस दंग रह गई। चुनाव बाद हुई हिंसा के मामले में मुख्य आरोपी बड़े की तलाश में जब हावड़ा सिटी पुलिस ने उसके फ्लैट पर छापा मारा, तो वहां बेसमेंट में एक गुप्त और बेहद आलीशान कमरे का पता चला। इस गुप्त ठिकाने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
छापेमारी में खुलासा:
गुप्त बंकर: शिवपुर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 36 के 'बेताज बादशाह' माने जाने वाले बड़े ने अपने फ्लैट के नीचे एक ऐसा बेसमेंट बना रखा था, जिसका बाहर से अंदाजा लगाना नामुमकिन था।
आलीशान सुविधाएं: वायरल वीडियो में दिख रहा है कि इस अंडरग्राउंड ठिकाने में लग्जरी बेडरूम, ड्राइंग रूम, किचन और आधुनिक बाथरूम मौजूद है।
CCTV निगरानी: इस गुप्त कमरे से पूरे इलाके और फ्लैट के बाहर की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए हाई-टेक सीसीटीवी मॉनिटरिंग सिस्टम भी लगाया गया था।
हिंसा और राजनीतिक आरोप:
चुनाव बाद हिंसा: चुनाव परिणाम आने के बाद 'चौड़ा बस्ती' इलाके में हुई बमबारी और गोलीबारी की घटनाओं में शमीम अहमद और उसके गिरोह का नाम सामने आया है।
बीजेपी का दावा: मध्य हावड़ा के बीजेपी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पूर्व मंत्री अरूप राय के करीबी माने जाने वाले बड़े के इशारे पर ही बीजेपी समर्थकों को निशाना बनाया गया।
फरार आरोपी: पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया है, लेकिन मास्टरमाइंड शमीम अहमद फिलहाल फरार है।
अपराधिक इतिहास:
गौरतलब है कि शमीम अहमद का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। इससे पहले राम नवमी की शोभायात्रा पर हमले के आरोप में एनआईए (NIA) ने उसे गिरफ्तार किया था। वर्तमान में हावड़ा सिटी पुलिस के आला अधिकारी उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रहे हैं, हालांकि वायरल वीडियो पर आधिकारिक तौर पर अभी कोई बयान नहीं आया है।

0 टिप्पणियाँ