रानीगंज: ईसीएल के कुनुस्टोरिया एरिया अंतर्गत महावीर कोलियरी एवं आसपास के क्षेत्रों के निवासियों ने विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर बुधवार को महावीर कोलियरी के एजेंट दीपक खेवले को ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में कोलियरी द्वारा कथित अवैध बिजली कनेक्शनों को काटने के लिए जारी नोटिस को वापस लेने की मांग की गई.
एजेंट दीपक खेवले ने बताया कि क्षेत्र के लोगों ने अपनी मांगों को लेकर उनसे मुलाकात की है, लेकिन अवैध बिजली कनेक्शनों के कारण कंपनी को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे कनेक्शनों को हटाने की प्रक्रिया जारी रहेगी. हालांकि, उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों के लिए वैकल्पिक बिजली व्यवस्था उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे.
महावीर ग्राम रक्षा समिति के उपाध्यक्ष राजेश बाउरी ने कहा कि बिजली और पानी जैसी सुविधाएं नागरिकों की बुनियादी जरूरत हैं.यदि बिजली आपूर्ति बंद की जाती है तो हजारों परिवार प्रभावित होंगे. उन्होंने कहा कि एजेंट के साथ सकारात्मक बातचीत हुई है, लेकिन मांगें पूरी नहीं होने पर संवैधानिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा.
भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष सुशील रुईदास ने आरोप लगाया कि ईसीएल अपने सामाजिक दायित्वों से बचने का प्रयास कर रही है.वहीं बाउरी समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुमंत बावरी ने पुनर्वास योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग की.
विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष मनीष कुमार शर्मा ने कहा कि दशकों से रह रहे लोगों की बिजली काटना अमानवीय कदम होगा. उन्होंने बिजली के दुरुपयोग से बचने की अपील करते हुए नोटिस वापस लेने की मांग की.



0 टिप्पणियाँ