बोलपुर (न्यूज़ एशिया ): पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री और बोलपुर से तृणमूल कांग्रेस (TMC) के विधायक चंद्रनाथ सिन्हा के आवास पर सीआईडी (CID) की टीम एक बार फिर सक्रिय नजर आई। शुक्रवार सुबह-सुबह सीआईडी के अधिकारियों का एक दल उनके बोलपुर स्थित घर पर पहुंचा। गुरुवार के बाद लगातार दूसरे दिन सीआईडी की इस मौजूदगी से इलाके में भारी हलचल मच गई है।
विधायकों के हस्ताक्षर की जांच
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष (विरोधी दलनेता) के चुनाव को लेकर जमा किए गए विभिन्न विधायकों के हस्ताक्षरों (Signatures) के मामले में सीआईडी ने जांच शुरू की है। यह कार्रवाई मुख्य रूप से इस बात की पुष्टि करने के लिए की जा रही है कि वे हस्ताक्षर असली हैं या जाली।
दस्तावेजों को खंगाला, लिए साइन के सैंपल
शुक्रवार को पहुंचे सीआईडी के अधिकारियों ने चंद्रनाथ सिन्हा से पूछताछ की और उनके हस्ताक्षर के नमूने (Signature Samples) एकत्र किए। बताया जा रहा है कि इस दौरान कुछ अहम दस्तावेजों की भी जांच की गई है। हालांकि, इस मामले को लेकर अभी तक सीआईडी या खुद विधायक की तरफ से आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत बयान सामने नहीं आया है।
बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी: इस घटना के बाद से बोलपुर समेत पूरे राज्य के सियासी हलकों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। नेता प्रतिपक्ष के चुनाव से जुड़ी जांच में सीआईडी की इस तत्परता ने बंगाल की राजनीति में नई अटकलों को हवा दे दी है।

0 टिप्पणियाँ