अमृतनगर कोलियरी में 1500 लीटर से अधिक डीजल बरामद, तृणमूल नेता एवं पंचायत समिति उपसभापति मो. साबिर मियां पर गंभीर आरोप; पुलिस-ईसीएल की संयुक्त जांच तेज



रानीगंज: ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के कुनुस्तोरिया एरिया अंतर्गत अमृतनगर कोलियरी में पुलिस और ईसीएल प्रबंधन की संयुक्त कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में डीजल, तिरपाल, कंबल, लोहा तथा अन्य सामान बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है. यह कार्रवाई रानीगंज पंचायत समिति के उपसभापति एवं तृणमूल कांग्रेस नेता मो. साबिर मियां से जुड़े बताए जा रहे कथित रूप से कब्जाए गए क्वार्टरों तथा टाइगर क्लब में की गई.


पुलिस की छापेमारी के दौरान तीन बंद ईसीएल क्वार्टरों से करीब 1500 लीटर से अधिक डीजल बरामद किया गया. पुलिस सूत्रों के अनुसार डीजल बड़े-बड़े ड्रमों में संग्रहित था. इसके अलावा टाइगर क्लब परिसर से डीजल, केरोसिन तेल, भारी मात्रा में लोहे का सामान, सरकार द्वारा जरूरतमंदों के लिए वितरित किए जाने वाले ‘विश्व बांग्ला’ लोगो लगे तिरपाल तथा सहकारी समिति के सदस्यों को दिए जाने वाले बड़ी संख्या में कंबल भी बरामद किए गए हैं.



स्थानीय निवासी दीनबंधु सिंह और इंद्रदेव मोदी ने आरोप लगाया कि मो. साबिर मियां और उनके सहयोगी लंबे समय से ईसीएल के वाहनों से डीजल चोरी कर उसे क्वार्टरों में जमा करते थे और बाद में बाजार में बेच देते थे. उनका दावा है कि यह गतिविधि कई वर्षों से चल रही थी, लेकिन राजनीतिक प्रभाव के कारण इस पर कार्रवाई नहीं हो रही थी. इंद्रदेव मोदी ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस से जुड़े होने के कारण मो. साबिर मियां कथित रूप से पार्टी की आड़ में इस प्रकार की गतिविधियों को अंजाम देते थे.



वहीं भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के एरिया सचिव गंगादयाल सिंह ने आरोप लगाया कि मो. साबिर मियां ईसीएल कर्मचारी होने के बावजूद दूसरे नामों से खदान क्षेत्र में कई वाहन संचालित करते हैं तथा अपने सहयोगियों के माध्यम से डीजल चोरी करवाते हैं.उन्होंने आरोप लगाया कि विनोद प्रसाद समेत कुछ अन्य लोग भी इस कथित नेटवर्क से जुड़े हैं.गंगादयाल सिंह ने यह भी कहा कि पूर्व में राशन वितरण में भी कथित अनियमितताएं होती थीं और श्रमिकों को नौकरी तथा अन्य सुविधाएं दिलाने के नाम पर उनसे धन उगाही की जाती थी. उनके अनुसार, इस पूरे नेटवर्क के संचालन के लिए लगभग पांच ईसीएल क्वार्टरों पर अवैध कब्जा किया गया था.

उन्होंने यह भी दावा किया कि मो. साबिर मियां पहले ईसीएल प्रबंधन को कथित रूप से जाली प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने के मामले में लगभग डेढ़ वर्ष तक निलंबित रहे थे और कुछ माह पहले ही नौकरी पर लौटे थे.



इस संबंध में अमृतनगर ग्रुप ऑफ कोलियरीज के एजेंट दीपक खेवले ने बताया कि स्थानीय पुलिस, कोलियरी सुरक्षा टीम और अन्य अधिकारियों के साथ मिलकर ईसीएल क्वार्टरों की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि टाइगर क्लब ईसीएल की जमीन पर वर्ष 1971 में अनुमति लेकर बनाया गया था, लेकिन जांच में वहां से आपत्तिजनक सामग्री मिलने के बाद उसे जब्त कर लिया गया. उन्होंने बताया कि कुछ क्वार्टरों पर मो. साबिर मियां द्वारा कथित कब्जा किया गया था. प्रबंधन ने उनकी बेटी से चाबियां लेकर क्वार्टरों को अपने कब्जे में ले लिया है. क्वार्टरों से बरामद सभी सामान पुलिस को सौंप दिए गए हैं.


दीपक खेवले ने यह भी स्पष्ट किया कि मो. साबिर मियां के नाम से कोई वाहन ईसीएल में संचालित नहीं होता है. उनके अनुसार, जिन वाहनों की चर्चा हो रही है वे विनोद प्रसाद के नाम पर चलाए जाते हैं.

दूसरी ओर, मो. साबिर मियां से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला।₹. इस कारण उनका पक्ष नहीं मिल सका.


फिलहाल आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत रानीगंज थाना और निमचा फाड़ी पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद डीजल कहां से आया, उसका उपयोग किस उद्देश्य के लिए किया जाना था और इस कथित नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं.मामले को लेकर क्षेत्र में व्यापक चर्चा है और स्थानीय लोग जांच के निष्कर्षों का इंतजार कर रहे हैं.हालांकि, पुलिस ने अभी तक लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है.

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

 रेड लाइट एरिया लच्छीपुर में अय्याशी पड़ी भारी, मारपीट कर रुपये छीनने का आरोप
 रानीगंज: शिशु बागान मोड़ के पास बड़ी चोरी, घर की छत पर थी मालकिन और नीचे से 35 लाख के जेवर पार
 जामुड़िया में ईडी का बड़ा धमाका: रानीगंज के हार्डवेयर व्यवसायी राजेश बंसल के घर छापेमारी, नोट गिनने की मशीन मंगवाई गई
 पश्चिम बंग प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन की महासभा को लेकर उठा विवाद: आरोपों-प्रत्यारोपों का दौर
 रानीगंज में किन्नरों का प्रदर्शन कर सड़क अवरोध किया, एक व्यक्ति पर मारपीट और छीनाझपटी का आरोप
 रानीगंज के व्यापारी युवक के अपहरण का ड्रामा, पति स्वयं भाग गया था घर से
 रानीगंज के "मिट्टी के लाल" गोपाल आचार्य ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भरा पर्चा
 रानीगंज में भाजपा का बड़ा दांव: अधिवक्ता पार्थ घोष हुए चुनावी रण में भाजपा के उम्मीदवार
रानीगंज का चुनावी रण: राहुल घोष की हुमायूं कबीर की आम जनता उन्नयन पार्टी एंट्री से क्या बिगड़ेगा दिग्गजों का समीकरण?
 रानीगंज के बड़े चावल निर्यातक अजय कयाल के ठिकानों पर ED का छापा, भारी सुरक्षा बल तैनात