बांकुड़ा: भारत सरकार और पश्चिम बंगाल सरकार की संयुक्त पहल के तहत सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के उद्देश्य से 14 वर्ष की किशोरियों के लिए राज्यव्यापी निःशुल्क एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने वर्चुअल माध्यम से किया।
राज्यभर के साथ-साथ बांकुड़ा जिले में भी इस अभियान की औपचारिक शुरुआत हुई। कार्यक्रम में मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमओएच) सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी, चिकित्साकर्मी और नर्सिंग स्टाफ उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, यह टीकाकरण अभियान किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से राज्य की 14 वर्षीय बालिकाओं को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे भविष्य में इस बीमारी के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकेगा। स्वास्थ्य अधिकारियों ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए सभी अभिभावकों और किशोरियों से सहयोग की अपील की है।


0 टिप्पणियाँ