![]() |
| ठेकेदार डोली कंस्ट्रक्शन के सीईओ डोली पाल भौमिक से बात करते एमआईसी |
रानीगंज: आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 36 अंतर्गत शिव कॉलोनी इलाके में सड़क निर्माण कार्य को लेकर गुरुवार को स्थानीय निवासियों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया. आसनसोल दुर्गापुर विकास प्राधिकरण द्वारा बनाई जा रही इस सड़क के निर्माण में निम्न गुणवत्ता वाली सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने काम रुकवा दिया और हंगामा किया.
मुहल्ले वासियों का आरोप: नियमों की अनदेखी और फ्लाई ऐश का प्रयोग
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क निर्माण के लिए निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है.प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि निर्माण सामग्री की जगह 'फ्लाई ऐश' (राख) का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे सड़क की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं.इसके अलावा, कार्यस्थल पर अनिवार्य सूचना बोर्ड न होने पर भी लोगों ने नाराजगी जताई.
तनाव की सूचना मिलते ही आसनसोल नगर निगम के एमआईसी दिव्येंदु भगत, रानीगंज बोरो कार्यालय के इंजीनियर और ठेका कंपनी के पदाधिकारी मौके पर पहुँचे. अधिकारियों की मौजूदगी में भी स्थानीय लोगों का विरोध प्रदर्शन जारी रहा. ग्रामीणों ने मांग की कि निर्माण कार्य पारदर्शी तरीके से और सही सामग्री के साथ किया जाए.
विवाद पर स्पष्टीकरण देते हुए ठेका कंपनी मेदिनीपुर के डोली कंस्ट्रक्शन के सीईओ डोली पाल भौमिक ने कहा की कार्य स्थल पर सूचना बोर्ड लगाया गया था, लेकिन किसी ने उसे हटा दिया है. जिस स्थान पर फ्लाई ऐश की बात कही जा रही है, वहाँ फिलहाल स्थाई निर्माण नहीं हो रहा था. होली के मद्देनजर आवाजाही सुलभ करने के लिए अस्थाई तौर पर उसे बिछाया गया था.
अब नियमों के अनुसार सही सामग्री से ही पक्की सड़क बनाई जाएगी.
एमआईसी दिव्येंदु भगत ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराते हुए कहा कि सड़क का निर्माण पूरी तरह से 'शेड्यूल' (तय मानकों) के मुताबिक ही होगा. उन्होंने कहा, नियमत सड़क ढलाई के पूर्व रास्ते की खुदाई करके सबसे पहले उसमें गिट्टी भर कर उसमें पत्थर की राख भरकर रोलर चलाई जाती है,पर इस कार्य को न करके सीधे छाई भरकर रोलर चला दिया गया,जिससे सड़क भी घरों से ऊंची बन गई है,जिससे दुर्घटना होने की पूरी संभावना है.उन्होंने कहा कि फिलहाल मेरे मोबाइल पर कार्य की पूरी जानकारी उपलब्ध करा दी गई है.अड्डा के इंजीनियर भी मौके पर आकर निरीक्षण करेंगे.यदि कहीं भी नियमों का उल्लंघन पाया गया, तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। काम पूरी तरह पारदर्शिता के साथ होगा.
प्रशासन के हस्तक्षेप और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के आश्वासन के बाद स्थिति नियंत्रित हुई, हालांकि ग्रामीण अभी भी निर्माण कार्य पर कड़ी नजर रख रहे हैं.



0 टिप्पणियाँ