रानीगंज: पिछले कई दिनों से रसोई गैस की किल्लत झेल रहे रानीगंज के एचपी (HP) गैस उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है. रानीगंज बस स्टैंड के निकट स्थित मंडल गैस एजेंसी में सिलेंडर की सप्लाई बाधित होने के कारण उपभोक्ता घंटों लाइनों में लगने और गोदाम के चक्कर काटने को मजबूर थे.इस संकट को दूर करने के लिए रानीगंज चेंबर ऑफ कॉमर्स ने पहल की, जिसके बाद आज से गैस वितरण की प्रक्रिया सरल हो गई है.
मयूरी गैस एजेंसी ने बढ़ाया मदद का हाथ
रानीगंज के उपभोक्ताओं की परेशानी को देखते हुए आसनसोल स्थित मयूरी गैस एजेंसी की ओर से मदद का हाथ बढ़ाया गया है। शुक्रवार प्रातः 11 बजे मयूरी गैस एजेंसी की ओर से लगभग 400 से 450 सिलेंडर रानीगंज लाए गए. इन सिलेंडरों का वितरण रानीगंज चेंबर ऑफ कॉमर्स के निकट स्थित नंदलाल जालान फाउंडेशन ट्रस्ट परिसर में किया गया.
दोपहर 2 बजे तक लगभग 60 उपभोक्ताओं को सुचारू रूप से सिलेंडर प्रदान किए जा चुके थे. प्राथमिकता उन उपभोक्ताओं को दी जा रही है जिनके पास ओटीपी (OTP) उपलब्ध है और जो लंबे समय से बुकिंग के बाद भी सिलेंडर का इंतजार कर रहे थे यह जानकारी रानीगंज चैम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष जुगल गुप्ता ने दिया. चेंबर की ओर से स्पष्ट किया गया है कि गैस की कोई कमी नहीं है, इसलिए उपभोक्ता आतंकित न हों.
चेंबर ऑफ कॉमर्स की सामाजिक प्रतिबद्धता
इस वितरण अभियान के दौरान रानीगंज चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष जुगल किशोर गुप्ता (जुगल प्रसाद), वर्किंग प्रेसिडेंट मनोज केसरी और कोषाध्यक्ष राजेश गनेड़ीवाला मुख्य रूप से उपस्थित थे.
वर्किंग प्रेसिडेंट मनोज केसरी ने कहा की रानीगंज के लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए हमने मयूरी गैस एजेंसी के सहयोग से यह व्यवस्था की है. यह सिलसिला अब आगे भी जारी रहेगा जब तक उन सभी ग्राहकों को सिलेंडर नहीं मिल जाते जिन्होंने पहले से बुकिंग करा रखी है. रानीगंज चेंबर ऑफ कॉमर्स भले ही एक वाणिज्यिक संगठन है, लेकिन शहर पर जब भी कोई संकट आता है, हम मदद के लिए सदैव तत्पर रहते हैं.
इस पहल से उन सैकड़ों उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली है जो मंडल गैस एजेंसी में आपूर्ति ठप होने के कारण परेशान थे. चेंबर ने भरोसा दिलाया है कि आने वाले दिनों में आपूर्ति सामान्य बनी रहेगी.




0 टिप्पणियाँ