रानीगंज: स्थानीय रानीगंज डीएवी पब्लिक स्कूल के प्रांगण में शनिवार, को नए शैक्षणिक सत्र के उपलक्ष्य में एक भव्य उन्मुखीकरण (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम के माध्यम से नए विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को विद्यालय की कार्यप्रणाली, अनुशासन और गौरवशाली उपलब्धियों से परिचित कराया गया.
संस्कार और परंपरा का संगम
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा के अनुसार हवन के साथ हुआ, जिसमें पवित्र मंत्रोच्चार के बीच नए सत्र की सफलता की कामना की गई. इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या मंदिरा दे सहित बड़ी संख्या में अभिभावक और छात्र उपस्थित रहे.
अभिभावकों को संबोधित करते हुए प्राचार्या मंदिरा दे ने सभी का आत्मीय स्वागत किया. उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों में उच्च संस्कारों का बीजारोपण करना भी है.
समारोह को और भी यादगार बनाने के लिए विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मनमोहक नृत्य और संगीत पेश किया. विद्यार्थियों की इस प्रतिभा को उपस्थित लोगो ने खूब सराहा.
कार्यक्रम का समापन गौरवपूर्ण राष्ट्रगान के साथ हुआ. उपस्थित अभिभावकों ने इस सत्र को बेहद ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताया, जिससे उन्हें विद्यालय के नए वातावरण को समझने में काफी मदद मिली.


0 टिप्पणियाँ