रानीगंज: आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 36 अंतर्गत बरदही इलाके के निवासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है.स्थानीय बरदही तालाब के सौंदर्यीकरण और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए मंगलवार को शिलान्यास समारोह आयोजित किया गया. सांसद निधि से होने वाले इस विकास कार्य पर लगभग 91 लाख रुपये से अधिक की लागत आएगी.
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा तालाब क्षेत्र
इस परियोजना के तहत तालाब में केवल नहाने के घाट ही नहीं, बल्कि आम जनमानस की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण निर्माण किए जाएंगे. महिलाओं की निजता का ध्यान रखते हुए विशेष चेंजिंग रूम बनाया जाएगा. इलाके में स्वच्छता बनाए रखने के लिए सामुदायिक शौचालय का निर्माण होगा.पूरे क्षेत्र को रोशनी से सराबोर करने के लिए इलेक्ट्रिक हाई मास्ट लाइटें लगाई जाएंगी.
तीन चरणों में पूरा होगा काम
नगर निगम के इंजीनियर सब्यसाची गुहा ने तकनीकी जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह प्रोजेक्ट तीन चरणों में संपन्न होगा.आज से काम की शुरुआत हो चुकी है. पहले चरण में घाट तक पहुँचने के लिए महिलाओं और पुरुषों के लिए 48 मीटर के दो अलग-अलग रास्ते बनाए जा रहे हैं. हमारा लक्ष्य है कि अगले 6 महीनों के भीतर यह पूरा प्रोजेक्ट जनता को समर्पित कर दिया जाए.
सरकारी संस्था संभालेगी कमान
इस निर्माण कार्य की जिम्मेदारी पश्चिम बंगाल सरकार की अंडरटेकिंग संस्था 'वेस्ट बंगाल एग्रो इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड' को सौंपी गई है.गुणवत्ता और समय सीमा का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया है.
शिलान्यास के अवसर पर रानीगंज बोरो चेयरमैन मुजम्मिल शहजादा, वार्ड संख्या 36 के पार्षद सह एमएमआईसी दिव्येंदु भगत, और रानीगंज टाउन तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति सिंह,स्थानीय निवासी अरविंद लुहारूवाला मुख्य रूप से उपस्थित रहे. नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में इलाके का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना ही उनकी प्राथमिकता है.इस दौरान क्षेत्र के अन्य गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी भी मौजूद थे, जिन्होंने इस पहल का स्वागत किया.




0 टिप्पणियाँ