रानीगंज-आसनसोल जिला भाजपा और रानीगंज भाजपा मंडल एक की तरफ से शुक्रवार को रानीगंज थाना घेराव किया गया.इस प्रदर्शन का उद्देश्य क्षेत्र में अवैध कोयला और बालू तस्करी को रोकना और कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति में सुधार की मांग करना था.
प्रदर्शन और पुलिस के बीच तीखी झड़प
दोपहर करीब 12 बजे भाजपा नेता और कार्यकर्ता रानीगंज के डॉल्फिन मैदान से एक रैली निकालकर रानीगंज थाना पहुंचे. जैसे ही वे थाना गेट के सामने लगे बैरिकेड के पास पहुंचे, पुलिस कर्मियों और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इस दौरान, एक पुलिसकर्मी द्वारा एक कार्यकर्ता का गला पकड़े जाने की तस्वीर भी सामने आई, जिससे भाजपाई उतेजित हो उठे,हालांकि कुछ देर बाद स्थिति को तुरंत संभाल लिया गया.
इस घटना के बाद, भाजपा कार्यकर्ता काफी देर तक थाने के सामने धरने पर बैठ गए और राज्य सरकार विरोधी व पुलिस विरोधी नारे लगाए. उन्होंने पुलिस को सत्तारूढ़ पार्टी का "दलाल" भी बताया.
भाजपा नेताओं ने उठाए गंभीर सवाल
इस विरोध प्रदर्शन में आसनसोल जिला भाजपा अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य, प्रदेश कमेटी सदस्य सभापति सिंह, अपूर्व हजरा, अरिजीत राय, काकोली घोष, रानीगंज भाजपा मंडल अध्यक्ष शमशेर सिंह,बादशाह चटर्जी, परिमल माझी, बलवान पासवान, इंद्रसेन राय, और राजीव गिरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे.
बाद में, भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने थाना प्रभारी विकास दत्ता को एक ज्ञापन सौंपा. इस दौरान, जिला अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि पुलिस केवल कोयला और बालू की गाड़ियों को गिनने और तस्करी से होने वाली कमाई का हिसाब रखने का काम कर रही है, जिसे बाद में टीएमसी के बड़े नेताओं तक पहुंचाया जाता है. उन्होंने पुलिस अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाने की सलाह दी और कहा कि 2026 में टीएमसी सत्ता में नहीं रहेगी.
कानून-व्यवस्था पर गंभीर आरोप
भाजपा नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी उन्हें विकास कार्यों में बाधा पहुंचाती है.उन्होंने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को पूरी तरह चरमराया हुआ बताया.
इस विरोध प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसीपी सेंट्रल-2 विमान मृधा, बल्लभपुर फाड़ी के आईसी सौमेन बनर्जी, पंजाबी मोड़ फाड़ी के आईसी करतार सिंह और निमचाड़ी के आईसी बुद्धदेव बाइन सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद थे.



0 टिप्पणियाँ