रानीगंज: भारतीय सेना ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले का बदला लेते हुए मंगलवार देर रात पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर और पाकिस्तान सीमा के अंदर जबर्दस्त कार्रवाई की. इस साहसिक ऑपरेशन में भारतीय सेना ने नौ आतंकी ठिकानों को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया, जिसमें बड़ी संख्या में आतंकवादियों के मारे जाने की खबर है.इस जवाबी कार्रवाई के बाद पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ गई है.
रानीगंज में विश्व हिंदू परिषद की स्थानीय शाखा ने इस सफलता का जश्न मनाया. रानीगंज के श्री सीताराम जी मंदिर परिसर में भारतीय सैनिकों की मंगल कामना करते हुए विशेष पूजा-अर्चना की गई. इसके पश्चात, संगठन की ओर से एक विशाल विजय रैली निकाली गई.यह रैली रानीगंज के सभी प्रमुख मार्गों से गुजरी और नेताजी मूर्ति तक पहुंची.
यहां पर ऑपरेशन 'सिंदूर' की शानदार सफलता पर विश्व हिंदू परिषद के सदस्यों ने जमकर खुशियां मनाईं. उन्होंने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और सिंदूर लगाकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की. इस अवसर पर आतिशबाजी भी की गई और आतंकी ठिकानों पर हमले का उत्साहपूर्वक जश्न मनाया गया.
इस मौके पर विश्व हिंदू परिषद मध्य बंग प्रांत के उपाध्यक्ष मनोज सराफ, बजरंग दल के संयोजक लालु शर्मा, आसनसोल जिला के युवा सचिव अभिक मंडल, शुभम रावत, मनोज रावत, संजय नाथ, मनीष यादव, दुर्गा वाहिनी संयोजिका रुपाराम, निशा चक्रवर्ती, प्रेरणा ,अर्चिता समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।ल.
इस अवसर पर शुभम रावत ने कहा कि 22 अप्रैल को पहलगाम में पाकिस्तान से आए आतंकवादियों ने जिस तरह से 26 निर्दोष पर्यटकों की हत्या की थी, उसके खिलाफ भारतीय सेना ने यह मुंहतोड़ जवाब दिया है उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह नया भारत है, जो अपने दुश्मनों को उनके घर में घुसकर सबक सिखाता है. उन्होंने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर वह अभी भी अपनी हरकतों से बाज नहीं आता है, तो आने वाले समय में उसका नामोनिशान मिट जाएगा. उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि मंगलवार का 'ऑपरेशन सिंदूर' तो सिर्फ एक शुरुआत थी, और यदि पाकिस्तान ने अपनी नापाक हरकतों को जारी रखा, तो उसका अस्तित्व ही खतरे में पड़ जाएगा.
विश्व हिंदू परिषद के मध्य बंग प्रांत के उपाध्यक्ष मनोज सराफ ने इस ऑपरेशन को 'सिंदूर' नाम दिए जाने का कारण बताते हुए कहा कि 22 अप्रैल को पहलगाम में पाकिस्तानी आतंकवादियों ने भारत की 26 महिलाओं के माथे का सिंदूर उजाड़ दिया था.इसलिए, इस कार्रवाई को 'ऑपरेशन सिंदूर' का नाम दिया गया. उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिकों ने जिस बहादुरी से पाकिस्तान के इलाके में घुसकर आतंकी ठिकानों को तबाह किया है, वह भारतीय सेना के अदम्य पराक्रम का प्रमाण है. उन्होंने बताया कि इसी शौर्य और पराक्रम के लिए आज मंदिर में भारतीय सैनिकों की कुशलता और सफलता की कामना करते हुए पूजा-अर्चना की गई. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि पाकिस्तान अपनी आतंकवादी गतिविधियों से बाज नहीं आता है, तो भविष्य में और भी बड़ी कार्रवाई की जाएगी.
मनोज सराफ ने आगे बताया कि विश्व हिंदू परिषद की ओर से आज पाकिस्तान के झंडे को सड़क पर रखकर उस पर लोगों को चलने के लिए कहा गया, साथ ही पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे भी लगाए गए. उन्होंने दृढ़ता से कहा कि यह नया भारत है और यह अपने दुश्मनों को उनके गढ़ में घुसकर मारने की क्षमता रखता है.












0 टिप्पणियाँ