रानीगंज: रानीगंज के तार बांग्ला इलाके के राजापाड़ा क्षेत्र में स्थित मां आनंदमई ज्वेलर्स में चोरी की घटना से इलाके में दहशत फैल गई है.शनिवार सुबह जब दुकान के मालिक मंटू दे अपनी दुकान खोलने पहुंचे, तो उन्होंने पाया कि दुकान का शटर टूटा हुआ है और ताला गायब है. दुकान के अंदर से लगभग 6,000 रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण गायब थे, जिनकी अनुमानित कीमत ढाई से तीन लाख रुपये है.
मंटू दे ने आरोप लगाया है कि उनके मकान मालिक विश्वनाथ सिंह के बेटे छोटू सिंह ने उन्हें एक दिन पहले धमकी दी थी कि अगर उन्होंने उसे पैसे नहीं दिए तो वह उनकी दुकान तोड़ देगा. मंटू दे के अनुसार, छोटू सिंह नशे का आदी है और वसूली के लिए उनसे पैसे मांग रहा था.
घटना की सूचना मिलने पर रानीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने बताया कि स्वर्ण दुकानदार मंटू दे पहले भी चोरी के गहने खरीदने के आरोप में जेल जा चुका है और उस पर कई अन्य आरोप भी हैं. पुलिस इस चोरी की घटना के पीछे किसी अन्य संभावित कारण की भी जांच कर रही है.
इस घटना से राजापाड़ा क्षेत्र के दुकानदारों में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोग पुलिस से जल्द से जल्द अपराधियों को पकड़ने तथा सत्यता की जांच की मांग कर रहे हैं.


0 टिप्पणियाँ