जामुड़िया: रविवार को श्रीपुर फाड़ी क्षेत्र के श्रीपुर मोड़ स्थित गुंजन पार्क में अखिल भारतीय क्षत्रिय समाज का वार्षिक वनभोज कार्यक्रम बड़े उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ.इस आयोजन में पश्चिम बर्दवान जिले के साथ-साथ झारखंड के विभिन्न हिस्सों से क्षत्रिय समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित हुए.
यह वार्षिक वनभोज कार्यक्रम समाज के लोगों को एक साथ लाने और उनकी एकता को मजबूत करने का एक मंच प्रदान करता है. इस साल आयोजित हुए दूसरे वार्षिक वनभोज में सभी अतिथियों का स्वागत उत्तरीय पहनाकर किया गया.
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित समाज के सदस्यों ने संगठन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि अखिल भारतीय क्षत्रिय समाज का गठन समाज और देश के कल्याण में योगदान देने के लिए किया गया है. संगठन का मुख्य उद्देश्य समाज में एकजुटता लाना, परंपराओं को संरक्षित करना और समाज के समग्र विकास के लिए काम करना है.
इस अवसर पर जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के तृणमूल विधायक हरेराम सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे. उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि अखिल भारतीय क्षत्रिय समाज समाज और देश के विकास के लिए प्रतिबद्ध है.उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के हिंदीभाषी समुदाय के प्रति किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने हमेशा हिंदीभाषी समाज की मांगों को पूरा किया है. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि ममता बनर्जी के नेतृत्व में उन्हें विधायक बनाया गया, जो मुख्यमंत्री के सभी समुदायों के प्रति समान दृष्टिकोण का प्रमाण है.
विधायक ने संगठन की सराहना करते हुए इसे और मजबूत बनाने का आग्रह किया और कहा कि क्षत्रिय समाज को अपनी एकजुटता और परंपराओं के साथ समाज व देश के हित में निरंतर काम करना चाहिए.
इस मौके पर योगेश सिंह, राजेश सिंह, जितेंद्र सिंह, सुन्नी सिंह, हरेराम सिंह, प्रेमपाल सिंह, राहुल सिंह, राजू सिंह, नयन सिंह, संतोष सिंह और मुन्ना सिंह सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे.


0 टिप्पणियाँ