तालतोड़ में भव्य समारोह के साथ हुआ शिलान्यास
जामुड़िया-जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के तालतोड़ ग्राम में इस्कॉन कमिटी के सहयोग से गो सेवा गौशाला मंदिर का शिलान्यास एक भव्य समारोह के साथ किया गया. इस अवसर पर क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल देखा गया.
शिलान्यास का कार्यक्रम दुर्गापुर इस्कॉन मंदिर के पुजारी उदार चन्द्र दास ने विधि-विधान से संपन्न कराया. इससे पहले, एक भव्य नगर परिक्रमा का आयोजन किया गया जो जामुड़िया मिलन समिति मैदान से शुरू होकर जामुड़िया बाजार, थाना मोड़, बोरिंग डांगा और शिरिष डांगा होते हुए तालतोड़ ग्राम पहुंचा.
पुजारी उदार चन्द्र दास ने बताया कि वैदिक शास्त्रों में गौ माता को सभी देवी-देवताओं में सबसे ऊंचा स्थान दिया गया है. वर्तमान समय में गौ हत्या और गायों पर अत्याचार बढ़ रहा है. इस गौशाला में गायों की सेवा की जाएगी और उनके गोबर से विभिन्न प्रकार की औषधियां बनाई जाएंगी जो कई रोगों के लिए लाभकारी होंगी.
चार बीघा जमीन पर बनेगा मंदिर
यह गो सेवा गौशाला मंदिर तालतोड़ ग्राम पंचायत के अंतर्गत चार बीघा दान की गई जमीन पर बनाया जाएगा.इस परियोजना से न केवल गायों की सेवा होगी बल्कि क्षेत्रवासियों को भी धार्मिक और सामाजिक लाभ होगा.
शिलान्यास के अवसर पर होमयज्ञ और नारायण सेवा का भी आयोजन किया गया जिसमें हजारों लोगों ने भाग लिया.
ज्ञात हो कि इस्कॉन कमिटी विभिन्न प्रकार की सेवाएं करती है जिनमें से गो सेवा एक महत्वपूर्ण सेवा है. इस कमिटी का उद्देश्य धार्मिक और सामाजिक मूल्यों को बढ़ावा देना है.


0 टिप्पणियाँ