रानीगंज-रानीगंज के तीराट ग्राम पंचायत अंतर्गत ईसीएल के हाई वाल माइनिंग क्षेत्र में एक बार फिर तनाव की स्थिति पैदा हो गई. एक आदिवासी युवती पर हमले का आरोप लगाते हुए इलाके के आदिवासी मोहल्लों के महिला और पुरुषों ने विरोध प्रदर्शन किया. घटना के संबंध में ज्ञात हुआ है कि रविवार को रानीगंज के तीराट ग्राम पंचायत क्षेत्र स्थित ईसीएल के हाई वाल माइनिंग क्षेत्र में स्थानीय महिलाएं खदान में छोड़े गये कोयला पत्थर एकत्रित कर रही थी. तभी अचानक ईसीएल के सुरक्षा गार्डों ने उन पर हमला बोल दिया. आरोप है कि उन्होंने जमकर लाठीचार्ज भी किया. इससे नीतू मुर्मू नाम की 17 वर्षीय किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई. उनके दाहिने हाथ में गंभीर चोट लगी. इस घटना की खबर जब आस-पास के आदिवासी क्षेत्रों में फैली तो उन क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष एकत्रित हो गये और खदान के कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन करने लगे. विरोध को देखते हुए इलाके में तैनात माइंस के कर्मचारी वहां से पलायन कर गए. मामले की जानकारी होने पर निमचा फांडी की पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला. इस घटना की खबर सुनते ही स्थानीय श्रमिक संगठनों के नेता और कार्यकर्ता विरोध में शामिल हो गए और दोषियों को सजा देने की मांग करने लगे. घायल युवती नीतू मुर्मू को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया,साथ ही युवती के परिजनों ने घटना में शामिल लोगों के खिलाफ निमचा फांड़ी में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. प्रदर्शन कारियों ने मांग की कि इस घटना में शामिल सुरक्षा गार्डों को तुरंत गिरफ्तार करना होगा और उनके खिलाफ उचित कार्रवाई करनी होगी. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को इस संबंध में कार्रवाई का आश्वासन दिया तब जाकर स्थिति सामान्य हो पाई.


0 टिप्पणियाँ