जामुड़िया-जामुड़िया थाना अन्तर्गत श्रीपुर फाड़ी की पुलिस ने गुरुवार को बेनाली मोड़ के पास मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक को करीब साढ़े 10 किलो गांजा तस्करी करते हुए रंगे हाथ पकड़ा. पुलिस के आला अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है की यह गांजा तस्करी के उद्देश्य से कहां से और कैसे लाया गया था.पुलिस सूत्रों के अनुसार झारखंड के मुगमा क्षेत्र के निरसा थाना क्षेत्र के रहने वाले उत्तम बाउरी नाम का व्यक्ति जामुड़िया के कुंवा मोड़ निवासी सुनील सिंह के साथ बाइक से बेनाली मोड़ इलाके की तरफ आ रहे थे. पुलिस ने गुप्त सूत्रों से यह जानकारी जुटाई और सादे कपड़ों में इस मामले पर नजर रखी,और अपराधियों को धर दबोचा. इस मौके पर रानीगंज के सर्कल इंस्पेक्टर सुशांत कुमार चट्टोपाध्याय, श्रीपुर चौकी के आईसी शेख रियाजुद्दीन, श्रीपुर चौकी के सेकेंड ऑफिसर दयामय मुखर्जी और सब इंस्पेक्टर अभिजीत सिंह रॉय ने अभियान के तहत एक जुट हो कर गांजा तस्कर को घेर लिया और उन्हें एक स्कूल बैग के साथ पकड़ लिया. पुलिस ने उसके पास से साढ़े 10 किलो गांजा, 50 हजार रुपये नगद, दो मोबाइल फोन व साथ में रखी मोटरसाइकिल बरामद की . तस्करी के मकसद से इतनी भारी मात्रा में गांजा कहां से और कैसे ला रहे थे, पुलिस ने इसकी तलाश शुरू कर दी है. इस घटना को देखकर क्षेत्र के निवासी खुश हैं और गांजा तस्करी के इस चक्र का भंडाफोड़ करने के लिए पुलिस की सराहना की है .इस बारे में स्थानीय निवासी बुलेट कुमार ने बताया कि पुलिस को काफी दिनों से इसकी सूचना मिल रही थी,पुलिस इनकी तलाश में थी और आज जिस तरह से पुलिस ने इन दोनों गांजा तस्करों को पकड़ा है वह काबिले तारीफ है. उन्होंने कहा कि इतनी भारी मात्रा में गांजा पकड़कर और दो तस्करों को गिरफ्तार कर उन्होंने नई पीढ़ी को गांजा की लत से बचाने में एक अहम भूमिका निभाई.


0 टिप्पणियाँ